Gujarat Assembly elections 2022: चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत 12 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश (Public Holiday) पर नामांकन स्वीकार करने के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अनुरोध को खारिज कर दिया है। आयोग ने बीजेपी के इस अनुरोध को इसलिए खारिज कर दिया, क्योंकि 12 नवंबर को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट (Negotiable Instruments Act) के तहत सार्वजनिक अवकाश है। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गुजरात की मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) पी. भारती (P Bharathi) ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि गुजरात बीजेपी ने अनुरोध किया था कि अगले महीने दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए 12 नवंबर, महीने के दूसरे शनिवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएं।
भारती ने कहा कि हमनें निर्वाचन आयोग को (बीजेपी के अनुरोध के बारे में) लिखा था। लेकिन चुनाव आयोग ने इस अनुरोध को खारिज कर दिया है, क्योंकि यह निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत सार्वजनिक अवकाश है।
गुजरात चुनाव का पूरा शेड्यूल
इस साल दिसंबर में गुजरात की कुल 182 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार गुजरात में पहले चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 14 नवंबर है। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई।
जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 10 नवंबर को जारी की जाएगी और नामांकन की आखिरी तारीख 17 नवंबर होगी। पहले और दूसरे चरण के लिए नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख क्रमश: 17 और 21 नवंबर है।
गुजरात में दो चरणों में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को मतदान होगा। जबकि वोटों की गिनती हिमाचल प्रदेश के साथ ही 8 दिसंबर को होगी। 182 सीटों में से 89 पर पहले चरण में मतदान होगा और बाकी 93 सीटों पर 5 दिसंबर को मतदान होगा।
बीजेपी बुधवार को अपनी केंद्रीय चुनाव समिति (Central Election Committee- CEC) की बैठक में आगामी गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बैठक में भाग लेंगे।