पाकिस्तान में बैठ दाऊद रच रहा खतरनाक साजिश, टेरर फंडिंग के लिए भारत में भेजे करोड़ों रुपये

NIA ने दावा किया है कि भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) ने आतंकी गतिविधियों में गिरफ्तार आरोपियों को पिछले 4 साल के दौरान भारत में टेरर फंडिंग के लिए 12-13 करोड़ रुपये भेजे थे

अपडेटेड Nov 08, 2022 पर 2:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
NIA ने भगोड़े माफिया दाऊद इब्राहिम, उसके करीबी छोटा शकील और गिरफ्तार किए गए 3 अन्य के खिलाफ चार्जशीट दायर की है

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दावा किया है कि भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) ने डी-कंपनी (D-Company) की आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने से संबंधित मामले में गिरफ्तार आरोपियों को हवाला के जरिए भारी रकम भेजी थी। NIA ने यह भी दावा किया कि ये गतिविधियां लोगों में डर पैदा करने के लिए मुंबई और भारत के अन्य हिस्सों में आतंकी हमले करने से संबंधित थीं। एजेंसी ने ये दावे पिछले सप्ताह आतंकवाद और डी-कंपनी से संबंधित मामले में दाखिल चार्जशीट (NIA ChargeSheet) में किए हैं।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, डी-कंपनी से जुड़े एक मामले में तीन गिरफ्तार और दो वांछित आरोपियों के खिलाफ दायर चार्जशीट में एजेंसी ने दावा किया है कि भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम ने पिछले चार साल के दौरान भारत में टेरर फंडिंग के लिए 12-13 करोड़ रुपये भेजे।

नेताओं को टारगेट करने के लिए बनाई स्पेशल यूनिट


NIA ने चार्जशीट में यह भी दावा किया है कि डी-कंपनी ने राजनेताओं और कारोबारियों सहित प्रतिष्ठित व्यक्तियों पर हमला करने के लिए एक स्पेशल यूनिट बनाई थी। बता दें कि ‘डी-कंपनी’ का संबंध अंडरवर्ल्ड डॉन और भारत में सबसे वांछित आतंकवादियों में से एक दाऊद इब्राहिम से है।

NIA की चार्जशीट में 5 नामजद

NIA ने पांच नवंबर को भगोड़े माफिया दाऊद इब्राहिम, उसके करीबी छोटा शकील और गिरफ्तार किए गए तीन व्यक्तियों के खिलाफ मुंबई की एक विशेष अदालत में चार्जशीट दायर किया था।

ये भी पढ़ें- MHA Annual Report: 2021 में देश की आंतरिक सुरक्षा रही मजबूत, नक्सल हिंसा की घटनाओं में 55% की आई कमी

एजेंसी ने हाल ही में दो भाइयों आरिफ अबुबकर शेख उर्फ ​​आरिफ भाईजान और शब्बीर अबुबकर शेख के बाद दाऊद के सहयोगी छोटा शकील के साले मोहम्मद सलीम कुरैशी उर्फ ​​सलीम फ्रूट को गिरफ्तार किया था। इन तीनों के खिलाफ NIA ने चार्जशीट दाखिल की है, जबकि दाऊद और शकील को मामले में वांछित आरोपी के तौर पर नामजद किया गया है।

भारत में चल रहा क्रिमिनल सिंडिकेट 

NIA के एक प्रवक्ता ने कहा कि चार्जशीट ग्लोबल टेररिस्ट नेटवर्क और ट्रांसनेशनल ऑर्गनाइज्ड क्रिमिनल सिंडिकेट से संबंधित एक मामले में दायर किया गया जो भारत में विभिन्न आतंकवादी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। प्रवक्ता ने कहा कि जांच से पता चला है कि आरोपी व्यक्ति एक आतंकी गिरोह और एक संगठित अपराध गिरोह डी-कंपनी के सदस्य हैं। उन्होंने विभिन्न प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देकर गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की साजिश रची।

एजेंसी ने कहा कि साजिश को आगे बढ़ाने को लेकर उन्होंने लोगों को धमकाकर भारी मात्रा में धन जुटाया, एकत्र किया और जबरन वसूली की जो डी-कंपनी के लाभ के लिए था। वर्तमान मामले में एक आतंकवादी के लाभ के लिए था। साथ यह भारत की सुरक्षा को खतरे में डालने के इरादे से और आम जनता के मन में आतंक पैदा करने के लिए था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।