Exit Poll Results: गुजरात में लगातार 7वीं बार BJP की सरकार बनने के आसार, हिमाचल में कांटे की टक्कर, पढ़िए एग्जिट पोल्स के सियासी संकेत

Exit Poll Results: एग्जिट पोल्स की मानें तो गुजरात में एक बार फिर से BJP प्रचंड बहुमत से सत्ता में आ सकती है। वहीं, हिमाचल में मुकाबला कांटे की होने की संभावना है

अपडेटेड Dec 06, 2022 पर 11:39 AM
Story continues below Advertisement
Exit Poll Results: हिमाचल और गुजरात में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना 8 दिसंबर को होगी

Gujarat and Himachal Pradesh Exit Poll Results Live Updates: गुजरात (Gujarat Assembly Elections 2022) और हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh Assembly Elections 2022) विधानसभा चुनावों (Assembly Elections Results 2022) के नतीजों के लिए भले ही 8 दिसंबर का इंतजार हो लेकिन एग्जिट पोल ने इन राज्यों में बदले सियासी समीकरणों का संकेत दे दिया है। गुजरात (Gujarat) और हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) विधानसभा चुनाव के अलग-अलग एग्जिट पोल्स (Exit Polls Results 2022) आए हैं। बता दें कि ये अंतिम रिजल्ट नहीं है। हिमाचल और गुजरात में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना 8 दिसंबर को होगी। उसके बाद ही अंतिम रिजल्ट सामने आएंगे।

रिजल्ट आने से पहले कई एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में सोमवार को यह अनुमान जताया गया कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक बार फिर से सरकार बना सकती है। जबकि हिमाचल प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर होने की संभावना है। सभी सर्वेक्षणों में कहा गया है कि गुजरात में बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिल सकता है। वहीं, कई एग्जिट पोल में हिमाचल प्रदेश में उसे बढ़त दिखाई गई है। कुछ सर्वेक्षणों में हिमाचल में कांग्रेस को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है।

गुजरात में किसे कितनी सीटें मिलने के आसार?


एग्जिट पोल की मानें तो गुजरात में बीजेपी का किला वक्त के साथ और मजबूत होता जा रहा है। ‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि गुजरात में बीजेपी को 129 से 151 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस को 16 से 30 सीट मिलने का अनुमान है। गुजरात में आम आदमी पार्टी (AAP) को 9-11 सीट मिल सकती है।

‘ABP-सी वोटर’ के सर्वेक्षण के अनुसार, गुजरात में सत्ताधारी भगवा पार्टी को 128 से 140 सीट प्राप्त हो सकती है, तो कांग्रेस को 31 से 43 सीट के साथ संतोष करना पड़ सकता है। वहीं, AAP को तीन से 11 सीट मिल सकती है।

‘न्यूज एक्स-जन की बात’ के एग्जिट पोल में अनुमान जताया गया है कि गुजरात में भाजपा को 117 से 140 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस के खाते में 34 से 51 सीट आ सकती है। आप को 6-13 सीट मिलने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- Happy Birthday Jasprit Bumrah: पढ़ें- 'यार्कर किंग' जसप्रीत बुमराह की वो 5 ऐतिहासिक पारियां, जिसकी बदौलत टीम इंडिया को मिली जीत

‘रिपब्लिक TV-पीमार्क’ के एग्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में BJP को 128 से 148 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस को 30 से 42 सीट मिलने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी को 2-10 सीट मिल सकती है। TV9 गुजराती ने BJP को 125-130 सीट मिलने, कांग्रेस-NCP को 40-50 सीट मिलने तथा AAP को तीन से पांच सीट मिलने का अनुमान जताया है। गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 93 सीट के लिए सोमवार को मतदान हुआ। इससे पहले एक दिसंबर को 89 सीट पर मतदान हुआ था।

हिमाचल में कांटे की टक्कर

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ी टक्कर के अनुमान जताए गए हैं। हालांकि, कई सर्वेक्षणों में कहा गया है कि बीजेपी को बढ़त मिल सकती है।

‘इंडिया टुडे- एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल में कांग्रेस की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। इसके अनुसार, कांग्रेस को 44 प्रतिशत मतों के साथ 30 से 40 सीट मिल सकती है, तो सत्तारूढ़ बीजेपी को 42 प्रतिशत मतों के साथ 24 से 34 सीट हासिल हो सकती है।

‘न्यूज 24-टुडेज चाणक्य’ के सर्वेक्षण में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस को 33-33 सीट मिल सकती है। ‘इंडिया टीवी-मैट्रिज’ के चुनाव बाद सर्वेक्षण में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश में बीजेपी को 35 से 40 सीट मिल सकती है, जबकि कांग्रेस को 26 से 31 सीट पाकर एक बार फिर से विपक्ष में रहना पड़ सकता है।

‘न्यूज एक्स-जन की बात’ के एग्जिट पोल में भी हिमाचल प्रदेश में बीजेपी को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है। इसमें कहा गया है कि भाजपा को 32 से 40 सीट मिल सकती है, तो कांग्रेस को 27 से 34 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है।

‘रिपब्लिक टीवी-पीमार्क’ के सर्वेक्षण में अनुमान जताया गया है कि हिमाचल प्रदेश में बीजेपी को 34 से 39 सीट मिल सकती है, जबकि कांग्रेस को 28 से 33 सीट हासिल हो सकती है। ‘जी न्यूज-बार्क’ के अनुसार बीजेपी हिमाचल प्रदेश में 35-40 सीट जीत सकती है, जबकि कांग्रेस के 20-25 सीट जीतने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 नवंबर को मतदान हुआ था। इसके अलावा दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनावों के लिए, अधिकांश एग्जिट पोल ने AAP की भारी जीत का अनुमान जताया है, जहां BJP दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर रह सकती है।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Dec 06, 2022 11:38 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।