Get App

Haryana Elections 2024: हरियाणा में BJP की लिस्ट आते ही बगावत शुरू, विधायक लक्ष्मण नापा और पूर्व मंत्री कंबोज समेत कई नेताओं ने छोड़ी पार्टी

Haryana Elections 2024: बीजेपी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर 67 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने इस बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को करनाल की बजाय लाडवा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने टिकट बंटवारे में अपने कई दिग्गज नेताओं का भी ख्याल रखा है

Akhileshअपडेटेड Sep 05, 2024 पर 11:20 AM
Haryana Elections 2024: हरियाणा में BJP की लिस्ट आते ही बगावत शुरू, विधायक लक्ष्मण नापा और पूर्व मंत्री कंबोज समेत कई नेताओं ने छोड़ी पार्टी
Haryana Elections 2024: हरियाणा की 90 विधानसभा सीट पर पांच अक्टूबर को चुनाव होंगे

Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की घोषणा के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के रतिया से विधायक लक्ष्मण दास नापा ने गुरुवार (5 सितंबर) को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। टिकट न मिलने से नाराज रतिया विधायक लक्ष्मण नापा ने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी द्वारा सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को रतिया विधानसभा सीट से मैदान में उतारने के तुरंत बाद उनका यह फैसला आया है।

इस्तीफे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा से उन्होंने मुलाकात की है। उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। लक्ष्मण नापा के अलावा हरियाणा बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर मांडी ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उम्मीदवारों की लिस्ट में आठ महिलाएं भी शामिल हैं। बीजेपी के 41 विधायकों में से आधे से अधिक को फिर से टिकट दिया गया है।

हरियाणा बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री कर्णदेव कंबोज ने भी सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि कर्णदेव कंबोज इंद्री विधानसभा से टिकट चाहते थे। कर्णदेव कंबोज ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि मैं बीजेपी ओबीसी मोर्चा और सभी अन्य पदों से अपना त्यागपत्र देता हूं। भारतीय जनता पार्टी पंडित दीन दयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वाली बीजेपी नहीं रहीं।

अन्य नेताओं की बात करें तो दादरी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विकास उर्फ भल्ले ने बीजेपी से इस्तीफा दिया है। वहीं, सोनीपत से बीजेपी युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी अमित जैन ने भी पार्टी को अलविदा कह दिया है। इसके अलावा हिसार से बीजेपी नेता दर्शन गिरी महाराज ने पार्टी से गुरुवार को इस्तीफा दे दिया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें