Haryana Election: गुरुग्राम में टिकट लेने के लिए पार्टी के आगे पैरवी करने में जुटे नेता, प्रचार भी कर दिया शुरू

Haryana Assembly Election 2024: राज्य में 10 साल तक शासन करने के बाद सत्ता विरोधी लहर का सामना करने के बावजूद, बीजेपी जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं और नेताओं में जोश हाई है। उन्होंने कहा, “बीजेपी के टिकट की जोरदार मांग है, क्योंकि कार्यकर्ताओं और नेताओं को संगठन और काम पर भरोसा है, जो हमने पिछले 10 सालों में किया है

अपडेटेड Aug 21, 2024 पर 2:52 PM
Haryana Election: गुरुग्राम में टिकट लेने के लिए पार्टी के आगे पैरवी करने में जुटे नेता

हरियाणा में 1 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में राजनीतिक उम्मीदवारों ने राज्य भर में पार्टियों से टिकट के लिए पैरवी शुरू कर दी है। हरियाणा की वित्तीय राजधानी गुरुग्राम में पार्टी टिकटों के लिए मारामारी कुछ ज्यादा ही है, क्योंकि पैसे और रिसोर्स सें संपन्न और अनुभवी उम्मीदवार, जिनमें से कई पहले चुनाव लड़ चुके हैं, पार्टी का जनादेश मांग रहे हैं। कांग्रेस के अनुसार, 32 उम्मीदवारों ने गुरुग्राम में पार्टी टिकट के लिए आवेदन जमा किया है, जबकि बीजेपी ने कहा कि 15 उम्मीदवारों ने शहर में पार्टी टिकट के लिए आवेदन किया है और अभी संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

Hindustan Times के मुताबिक, राज्य में 10 साल तक शासन करने के बाद सत्ता विरोधी लहर का सामना करने के बावजूद, बीजेपी जिला अध्यक्ष कमल यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं और नेताओं में जोश हाई है।

बीजेपी के टिकट की जोरदार मांग


उन्होंने कहा, “बीजेपी के टिकट की जोरदार मांग है, क्योंकि कार्यकर्ताओं और नेताओं को संगठन और काम पर भरोसा है, जो हमने पिछले 10 सालों में किया है। 15 उम्मीदवारों ने गुरुग्राम से टिकट मांगा है। हम उस उम्मीदवार को टिकट देंगे, जिसकी छवि साफ-सुथरी हो और जो पार्टी के प्रति वफादार हो।"

बीजेपी के मौजूदा विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि अगर उन्हें टिकट दिया गया तो वह चुनाव लड़ेंगे, नहीं तो वह पार्टी उम्मीदवार का समर्थन करेंगे और संगठन के लिए काम करेंगे।

गुरुग्राम में बीजेपी के जनादेश के प्रमुख दावेदारों में पूर्व जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, राज्य बीजेपी उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, हरियाणा सीएसआर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष बोध राज सीकरी, बीजेपी नेता मुकेश शर्मा और नवीन गोयल शामिल हैं। ये उम्मीदवार जनादेश पाने के लिए पार्टी और संगठनात्मक कार्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के रूप में पिछले रिकॉर्ड और जनता के साथ अपने संबंधों पर भरोसा कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव नतीजों कांग्रेस में भर दिया जोश

पिछले दो राज्य चुनावों में कांग्रेस नेता पार्टी की संभावनओं को लेकर कुछ खास उत्साहित नहीं थे, लेकिन इस बार ये भी काफी उत्साहित नजर आ रही हैं। हाल ही में लोकसभा चुनावों में पार्टी ने आधी सीटें जीतीं, जिसने सभी कार्यकर्ताओं में जोश फूंक दिया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, जो खुद दावेदार हैं, उन्होंने ने कहा कि 32 दावेदार पहले ही पार्टी टिकट के लिए दावा कर चुके हैं।

ये हैं कांग्रेस के टिकट के दावेदार

कटारिया ने कहा, “हम पूरे राज्य में बीजेपी को हराने के बारे में बहुत आश्वस्त हैं और गुरुग्राम में यह पिछले 10 सालों में अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रही है। गुरुग्राम एक जलजमाव वाला शहर बन गया है, जो स्थायी रूप से ट्रैफिक-जाम और कचरे से भरा हुआ है। हम इस बुरे सपने को खत्म कर देंगे।”

गुरुग्राम में पार्टी के जनादेश के दूसरे बड़े दावेदार मोहित ग्रोवर हैं, जो हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए, इसके अलावा वरिष्ठ नेता पंकज डावर और कुलराज कटारिया भी लिस्ट में हैं।

Haryana Election: हरियाणा में जाट किसकी खड़ी करेंगे खाट? दलित को भी नहीं कर सकते नजरअंदाज, समझें पूरा जातीय समीकरण

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।