हरियाणा चुनाव: JJP और AAP का नहीं होगा कोई गठबंधन, दुष्यंत चौटाला ने बोले- सभी 90 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

Haryana Assembly Election 2024: विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए जाने के सवाल पर JJP नेता ने कहा कि एक सितंबर से पहले राजनीतिक मामलों की सलाहाकार समिति की बैठक बुलाकर प्रत्याशियों की लिस्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अलावा, उचाना से विधायक दुष्यंत चौटाला ने हलके के खापड़, भौंगरा सहित अलग-अलग गांवों का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गिले-शिकवे दूर कर चुनाव के लिए ‘कमर कसने’ का आह्वान किया

अपडेटेड Aug 23, 2024 पर 3:38 PM
Haryana Election 2024: दुष्यंत चौटाला का JJP और AAP के बीच गठबंधन से साफ इनकार

जननायक जनता पार्टी (JJP) नेता और हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य विधानसभा की सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी और उसका अभी आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ कोई गठबंधन नहीं है। चौटाला ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ‘जेल जाने से डर रहे हैं’ इसीलिए उनकी पार्टी ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा।

JJP नेता चौटाला ने पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "JJP हरियाणा में विधानसभा की सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी और इस बार भी विधानसभा का ताला JJP की चाबी से खुलेगा। अभी तक AAP के साथ कोई गठबंधन नहीं है। वैसे भी आप का गठबंधन कांग्रेस के साथ है, तो JJP के साथ कैसे हो सकता है भला।"

विधायकों के जाने पर क्या बोले दुष्यंत चौटाला?


रामकरण काला समेत बाकी विधायकों के JJP छोड़कर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा, "काला के बेटे लोकसभा चुनावों में ही कांग्रेस में शामिल हो गए थे, अब रामकरण हो गए। कुछ विधायक लोकसभा चुनावों में भी बीजेपी के पक्ष में रैलियां कर रहे थे, तो अब पार्टी में शामिल हो गए।"

विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए जाने के सवाल पर JJP नेता ने कहा कि एक सितंबर से पहले राजनीतिक मामलों की सलाहाकार समिति की बैठक बुलाकर प्रत्याशियों की लिस्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा जेल जाने से डर रहे हैं

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार नहीं उतारा, क्योंकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा जेल जाने से डर रहे हैं। उनकी BJP के साथ सांठगांठ है।"

दुष्यंत चौटाला ने कहा, "कांग्रेस के पास 30 विधायक हैं और JJP के पास तीन ही हैं। हम नामांकन नहीं भर सकते, लेकिन हमने पहले ही ऐलान किया था कि अगर कांग्रेस राज्यसभा में उम्मीदवार उतारती है, तो हम साथ (कांग्रेस का) देंगे, लेकिन हुड्डा हिम्मत नहीं दिखा पा रहे हैं। उन्हें जेल जाने का डर है।"

गिले-शिकवे दूर करो, चुनाव के लिए कमर कसो

इसके अलावा, उचाना से विधायक दुष्यंत चौटाला ने हलके के खापड़, भौंगरा सहित अलग-अलग गांवों का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गिले-शिकवे दूर कर चुनाव के लिए ‘कमर कसने’ का आह्वान किया।

किरण चौधरी के राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर दुष्यंत चौटाला ने कहा, "हो सकता है वह (चौधरी) BJP में इसी शर्त पर शामिल हुई हों।’’ उनका इशारा राज्यसभा की उम्मीदवारी की ओर था।

हरियाणा चुनाव: 'मेरा समर्थन करें, सत्ता की चाबी आपके हाथ में होगी', दुष्यंत चौटाला ने JJP कार्यकर्ताओं में भरा जोश

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।