एक अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की गुरुवार को यहां बैठक हुई। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा CEC सदस्यों में शामिल थे, जिन्होंने राज्य चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की संभावित लिस्ट पर विचार-विमर्श किया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जो हरियाणा में चुनाव के लिए पार्टी प्रभारी भी हैं, और मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी बैठक में मौजूद रहे।
इससे पहले दिन में, शाह, प्रधान और खट्टर सहित बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने यहां नड्डा के आवास पर मुलाकात की और राज्य से भेजे गए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर व्यापक चर्चा की।
इससे पहले नड्डा के घर पर हुई बैठक
नड्डा के आवास पर पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक में हरियाणा बीजेपी प्रमुख मोहन लाल बडोली भी मौजूद थे। इससे पहले प्रधान ने अपने घर पर हरियाणा बीजेपी नेताओं के साथ बैठक की थी।
BJP कोर ग्रुप की बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि पार्टी की राज्य टीम ने केंद्रीय टीम को राज्य के राजनीतिक हालात से अवगत कराया।
उन्होंने मीडिया से कहा, "हमारी पार्टी एक लोकतांत्रिक पार्टी है...अब केंद्रीय चुनाव समिति (विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों पर) अंतिम फैसला लेगी।"
कब हैं हरियाणा विधानसभा चुनाव?
90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा के लिए 1 अक्टूबर को मतदान होना है। वोटों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी।
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और उसने जननायक जनता पार्टी के साथ चुनाव बाद गठबंधन कर गठबंधन सरकार बनाई थी। हालांकि, इस साल की शुरुआत में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी-JJP गठबंधन टूट गया।
लोकसभा चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस ने हरियाणा की 10 सीटों में से पांच-पांच सीटें जीतीं।