Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा के चुनावी दंगल में हाथ आजमाने की अटकलों के बीच स्टार पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने बुधवार (4 सितंबर) को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। पुनिया और फोगाट को विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के रूप में उतारे जाने को लेकर कांग्रेस ने अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं की है। हरियाणा के प्रभारी दीपक बाबरिया ने मंगलवार (3 सितंबर) को कहा था कि गुरुवार 5 सितंबर तक इस पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर फोगाट और पुनिया के साथ राहुल गांधी की एक तस्वीर शेयर की। पार्टी फोटो के साथ लिखा, "नेता विपक्ष श्री राहुल गांधी से विनेश फोगाट जी और बजरंग पुनिया जी ने मुलाकात की।"
बता दें बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट 2023 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन का हिस्सा थे।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने 90 में से 66 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है। हालांकि, नामों की घोषणा नहीं की गई है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवारों की सूची एक या दो दिन में जारी होने वाली है। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान होगा। जबकि वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।
AAP-कांग्रेस के बीच बठबंधन की अटकलें
हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस गठबंधन बनाने के प्रयासों ने गति पकड़ ली है। दोनों पार्टियां पहले से ही सीट बंटवारे को लेकर बातचीत कर रही हैं। सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि आम आदमी पार्टी विधानसभा की कुल 90 में से 10 सीटों की मांग कर रही है। जबकि कांग्रेस केवल सात सीटें देने को तैयार है। AAP के सूत्रों ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल के बीच पहले ही दो दौर की बातचीत हो चुकी है। एक-दो दिन में उनकी फिर से मुलाकात होने की संभावना है।
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के एक सूत्र ने कहा, "आम आदमी पार्टी 10 सीटों की मांग कर रही है। हालांकि, कांग्रेस कुल 90 सीटों में से केवल सात देने को तैयार है। आप ने 10 लोकसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक से एक सीट का दावा किया है।"
इससे पहले, AAP नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने उन खबरों का स्वागत किया, जिनमें दावा किया गया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना में रुचि दिखाई है। सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हराना सभी विपक्षी दलों की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन के संबंध में कोई भी निर्णय आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मंजूरी से लिया जाएगा, जो वर्तमान में आबकारी नीति से संबंधित मामलों में जेल में हैं। ऐसी कई खबरें आई हैं, जिनमें दावा किया गया कि सोमवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में गांधी ने हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए आप के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में रुचि व्यक्त की।