हरियाणा में नायब सिंह सैनी 15 अक्टूबर को ले सकते हैं CM पद की शपथ, पीएम मोदी होंगे शामिल

Haryana News: हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान सीएम फेस बनाए गए नायब सिंह सैनी ही नई सरकार की अगुवाई करेंगे। वह अपने सहयोगियों के साथ 15 अक्टूबर को सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। पंचकूला जिला आयुक्त की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय समिति शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्थाओं की देखरेख करेगी

अपडेटेड Oct 11, 2024 पर 1:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Haryana News: हरियाणा की नई सरकार पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित परेड ग्राउंड में शपथ लेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी में हैं। इस बीच नायब सिंह सैनी 15 अक्टूबर को दूसरी बार सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। इसके लिए पंचकूला के डिप्टी कमिश्नर की अगुवाई में 10 सदस्य कमेटी बनाई गई है जोकि पंचकूला के परेड ग्राउंड में तमाम तैयारियां का जिम्मा संभालेंगी। विधान सभा चुनावों में पार्टी की जीत के बाद नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की थी।

इससे पहले नायब सैनी 12 अक्टूबर को शपथ लेने वाले थे। पंचकूला के परेड ग्राउंड में शपथ के लिए तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। भीड़ जुटाने के लिए सरकारी बसें तक मांग ली गई थी। हालांकि PM नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे की वजह से इसे टाल दिया गया।

मंत्री पद के लिए लॉबिंग शुरू


वहीं शपथ ग्रहण से पहले डिप्टी CM और मंत्रीपद के लिए लॉबिंग शुरू हो चुकी है। पानीपत ग्रामीण से विधायक महिपाल ढांडा और इसराना से चुनाव जीते राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार ने दिल्ली में डेरा डाल चुके हैं। ढांडा डिप्टी सीएम पद के लिए जोर लगा रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी यहां भी राजस्थान और यूपी की तर्ज पर 2 डिप्टी सीएम बना सकती है। वहीं राज्य सभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने भी दिल्ली में नायब सैनी से दिल्ली में मुलाकात की है। कालका सीट से उनकी मां शक्ति रानी शर्मा ने चुनाव में बाजी मारी है। सीएम के साथ कितने लोग शपथ ग्रहण करेंगे। इस बारे में भी तक आधिकारिक रूप से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

हरियाणा में AAP और JJP का पत्ता साफ

बीजेपी ने हरियाणा में 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस के मुकाबले बीजेपी के पास 11 सीटें ज्यादा हैं। आम आदमी पार्टी और JJP का पत्ता साफ हो गया है। वहीं INLD को सिर्फ 2 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। सीएम नायब सिंह सैनी के 10 मंत्रियों में से 8 मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है। सिर्फ दो मंत्री जीते हैं। इनमें पनीपत ग्रामीण से महिपाल ढांडा और बल्लभगढ़ सीट से मूलचंद शर्मा ने जीत दर्ज की है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। ढांडा जाटलैंड से आते हैं।

CM बदलने का दांव चल गया

हरियाणा बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का चुनाव जीत के बाद से मनोबल हाई है। दरअसल, उत्तराखंड की तरह हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी का सीएम बदलने का दांव कामयाब रहा। हरियाणा में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही बीजेपी नेतृत्व ने मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को सीएम बनाया था। सीएम सैनी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाई है।

Lucknow: बीच सड़क पर अखिलेश यादव ने जेपी की प्रतिमा का किया माल्यार्पण, JPNIC जाने पर लगी रोक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।