Jahangirpuri Clash: BJP ने अंसार को बताया AAP नेता, तो केजरीवाल की पार्टी ने तस्वीरें जारी कर लगाए ये आरोप

Jahangirpuri Clash: BJP और AAP दोनों ही पार्टियां तस्वीरों के जरिए अंसार (Ansar) को एक-दूसरे की पार्टी का नेता बता रही हैं

अपडेटेड Apr 19, 2022 पर 7:19 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BJP और AAP अंसार को लेकर एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रही हैं

जहांगीरपुरी हिंसा (Jahangirpuri Violence) के मुख्य आरोपी अंसार (Ansar) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) एक दूसरे पर कई तरह के आरोप लगा रही है। सोमवार को दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और AAP के तमाम बड़े नेताओं को एक पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं तस्वीरों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि तस्वीर में गले में माला पहने एक युवक आम आदमी पार्टी की टोपी लगाए दिख रहा और जिसका चेहरा जहांगीरपुरी दंगे के आरोपी अंसार से मिल रहा है।

बीजेपी प्रवक्ता ने मांग की थी कि मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगी नेता तस्वीर में "AAP" की टोपी पहने दिख रहे युवक को पहचाने, दिल्ली की जनता को उसका नाम बताएं और उसको अपने संगठन से निष्कासित करें।

इसके एक दिन बाद यानी मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सत्तारूढ़ दल की विधायक आतिशी ने मंगलवार को ट्विटर पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए दावा किया कि आरोपी अंसार को BJP के नेताओं के साथ देखा गया है।


आतिशी ने दावा किया, "जहांगीरपुरी दंगों का मुख्य आरोपी, अंसार, एक बीजेपी नेता है।" उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "जहांगीरपुरी दंगों का मुख्य आरोपी- अंसार- भाजपा का नेता है। उसने बीजेपी की प्रत्याशी संगीता बजाज को चुनाव लड़वाने में प्रमुख भूमिका निभाई और बीजेपी में सक्रिय भूमिका निभाता है। ये साफ है कि बीजेपी ने दंगे करवाए। बीजेपी दिल्ली वालों से माफी मांगे। बीजेपी गुंडों-लफंगों की पार्टी है।"

बता दें कि शनिवार को जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई, जिसमें आठ पुलिसकर्मी और एक स्थानीय निवासी घायल हो गया था। पुलिस के अनुसार, झड़पों के दौरान पथराव और आगजनी की घटनाएं हुईं और कुछ वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया।

जहांगीरपुरी: 'अपराधियों का गढ़ है इलाका, अवैध हथियार मिलना यहां कोई बड़ी बात नहीं', हनुमान जयंती हिंसा पर बोले पुलिस अधिकारी

पुलिस ने कहा कि अंसार और मोहम्मद असलम मुख्य साजिशकर्ता थे, जिन्हें 15 अप्रैल को 'शोभा यात्रा' के बारे में पता चला और उन्होंने परेशानी पैदा करने की साजिश रची। दिल्ली पुलिस ने अब तक 23 लोगों को गिरफ्तार किया है और घटना के सिलसिले में दो किशोरों को भी गिरफ्तार किया गया है।

वहीं पूर्वोत्तर दिल्ली के बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "जहांगीरपुरी में हमले का मास्टरमाइंड - मोहम्मद अंसार - AAP का कार्यकर्ता पाया गया है। इस बात के सबूत हैं, वे तस्वीरें। ताहिर हुसैन, जो 2020 में दिल्ली दंगों का मास्टरमाइंड था, AAP का पार्षद भी था। क्या AAP दंगा फैक्ट्री चला रही है?" पूर्वोत्तर दिल्ली का इलाका ही 2020 में सांप्रदायिक हिंसा से दहल गया था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।