Karnataka election Polling Live Updates: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, 11 बजे तक 20.99% मतदाताओं ने अपना वोट डाला है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि उनकी पार्टी 130 से 135 सीटें जीतेगी। वहीं, दूसरी तरफ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने कहा कि हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी इंफोसिस (Infosys) के संस्थापक एन. आर. नारायणमूर्ति और उनकी पत्नी सुधा मूर्ति तथा मैसुरु के शाही परिवार की सदस्य राजमाता प्रमोदा देवी ने बुधवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने के कुछ ही समय बाद वोट डाला।
इसके अलावा प्रमुख क्लाउड किचन संचालक क्योरफूड्स के संस्थापक अंकित नागोरी (Curefoods founder ankit nagori) ने भी कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने अपनी एक तस्वीर शेयर की है।
वहीं, तुमकुरु स्थित सिद्धगंगा मठ के संत सिद्धलिंग स्वामीजी, अभिनेता रमेश अरविंद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर और राज्य सरकार के मंत्रियों आर. अशोक, अरागा ज्ञानेंद्र, सी.एन. अश्वथ नारायण और के. सुधाकर ने भी मतदान के शुरुआती घंटों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो सुबह सात बजे शुरू हुआ।
मुख्यमंत्री बोम्मई ने हावेरी जिले के शिग्गांव में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति ने बेंगलुरु के जयनगर में वोट डाला। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार मीणा, जिला निर्वाचन अधिकारी और बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका के प्रमुख तुषार गिरि नाथ ने भी मतदान किया।
सुधा मूर्ति ने मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मैं आपसे यह नहीं कहूंगी कि आप किसे वोट देंगे या क्यों वोट देंगे, क्योंकि हर किसी की अपनी राय और फैसला होता है, लेकिन सभी को वोट देना चाहिए। हम हर चुनाव में मतदान करते हैं।
बीजेपी-कांग्रेस दोनों ने किया जीत का दावा
बीजेपी के दिग्गज नेता येदियुरप्पा ने अपने बेटों पार्टी उम्मीदवार बी. वाई. विजयेंद्र और शिवमोगा से सांसद बी.वाई. राघवेंद्र और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सुबह एक मंदिर में दर्शन किए और बाद में शिवमोगा जिले के शिकारीपुरा में मतदान किया।
येदियुरप्पा ने मतदान के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बसवराज बोम्मई सरकार के विकास कार्यों और राज्य भर में मेरी यात्रा के आधार पर मैं कह रहा हूं कि हम 125-130 सीटें जीतेंगे और अपने दम पर सरकार बनाएंगे। शिकारीपुरा में विजयेंद्र 40,000 से अधिक वोटों के अंतर से जीतेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कलबुर्गी में कहा कि लोग इस सरकार को बदलना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि भ्रष्टाचार को दूर करने वाली और विकास करने वाली सरकार आए इसलिए लोग चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी आए। कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ 130-135 सीटें जीतेगी। वहीं, दूसरी तरफ कर्नाटक CM बसवराज बोम्मई ने कहा कि हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।