Karnataka Election 2023: BJP छोड़ कांग्रेस में शामिल होने वाले शेट्टार को मिला टिकट, सीएम बोम्मई के खिलाफ मोहम्मद युसूफ लड़ेंगे चुनाव

Karnataka Election 2023: पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार हाल में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद नाराजगी जताते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। शेट्टर को उनके गृह निर्वाचन क्षेत्र हुबली-धारवाड़ मध्य सीट से टिकट दिया गया है। वह इसी सीट से छह बार के विधायक हैं

अपडेटेड Apr 19, 2023 पर 11:20 AM
Story continues below Advertisement
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के खिलाफ शिगगांव सीट पर मोहम्मद युसूफ सवानूर को उम्मीदवार बनाया है

Karnataka Election 2023: कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को सात उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी की, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर (Jagdish Shettar) का नाम भी शामिल है। शेट्टार हाल में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद नाराजगी जताते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, शेट्टर को उनके गृह निर्वाचन क्षेत्र हुबली-धारवाड़ मध्य सीट से टिकट दिया गया है। वह इसी सीट से छह बार के विधायक हैं।

इसके अलावा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के खिलाफ शिगगांव सीट पर मोहम्मद युसूफ सवानूर को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने चिकमगलूर से एच डी थमैया को उम्मीदवार बनाया है। वहां से भाजपा के वरिष्ठ नेता सी टी रवि मौजूदा विधायक हैं। कांग्रेस ने 15 अप्रैल को 43 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की थी। इसमें कोलार विधानसभा क्षेत्र में कोथुर जी मंजूनाथ को उम्मीदवार बनाया गया था।

आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया इस विधानसभा चुनाव में वरुणा सीट के साथ-साथ इस निर्वाचन क्षेत्र से भी चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। उनका नाम वरुणा विधानसभा सीट से उम्मीदवार के तौर पर घोषित किया जा चुका है।


हाल में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी को अथानी विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। इसी महीने छह अप्रैल को जारी कांग्रेस की दूसरी सूची में उसके 41 उम्मीदवार और एक प्रत्याशी सर्वोदय कर्नाटक पार्टी का था। सर्वोदय कर्नाटक पार्टी के दर्शन पुट्टनैया को मेलुकोट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

ये भी पढ़ें- Fox News को गलत दावा करना पड़ा भारी, अमेरिकी न्यूज चैनल को ₹58,000 करोड़ का करना पड़ा भुगतान

कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए गत 25 मार्च को 124 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। कांग्रेस अब तक कुल 216 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। अब उसे और 8 सीट पर उम्मीदवार घोषित करना शेष रह गया है। कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीट के लिए 10 मई को मतदान होगा और मतगणना 13 मई को होगी।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Apr 19, 2023 11:19 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।