राहुल गांधी होंगे विपक्ष का 'दूल्हा'! लालू यादव ने कहा, 'हम सब बाराती बनने के लिए तैयार'

लालू यादव ने राहुल से कहा कि ‘आप शादी करिए, हम लोग बारात चलने के लिए तैयार हैं।’ लालू यादव के इस बयान को इशारों-इशारों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दिया गया जवाब समझा जा रहा है। दरअसल विपक्षी एकता के सवाल पर बीजेपी अक्सर यह पूछती रहती हैं, आखिर विपक्ष का दूल्हा कौन है

अपडेटेड Jun 23, 2023 पर 8:48 PM
लालू यादव ने कहा, "आप हमारी सलाह नहीं माने, विवाह नहीं किए, अभी समय नहीं बीता है"

पटना में शुक्रवार 23 जून को विपक्ष पार्टियों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू यादव (Lalu yadav) ने अपने चिरपरिचित चुटीले अंदाज में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को दूल्हा बनने की सलाह दे डाली। लालू यादव ने राहुल से कहा कि ‘आप शादी करिए, हम लोग बारात चलने के लिए तैयार हैं।’ लालू यादव के इस बयान को इशारों-इशारों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दिया गया जवाब समझा जा रहा है। दरअसल विपक्षी एकता के सवाल पर बीजेपी अक्सर यह पूछती रहती हैं, आखिर विपक्ष का दूल्हा कौन है।

पटना में विपक्ष के संयुक्त बैठक से ठीक पहले बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने एक बयान में कहा था, "2024 के लिए नीतीश बाबू बारात सजा तो रहे हैं लेकिन दूल्हा कौन है, कुछ की इच्छा अंदर है और कुछ की इच्छा बाहर है। देश आगे निकल गया है, देश एक स्थायी सरकार चाहता है।"

बिहार से बीजेपी सांसद और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री, नित्यानंद राय ने भी 'दूल्हे' का तंज कसते हुए कहा था, "पटना की सड़कों पर अनेकों दूल्हों की दावेदारी लगी हुई है। लेकिन दूल्हा कौन है? यह तो साफ समझ आ गया है कि वहां कोई दावेदारी ही नहीं है। विपक्ष एक साथ लड़े या न लड़े उससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। 2024 में जनता मोदी जी को ही फिर से प्रधानमंत्री बनाएगी।"


यह भी पढ़ें- Share Markets: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, निवेशकों के ₹2.8 लाख करोड़ रुपये डूबे

बीजेपी के इन हमलों के बीच लालू यादव का राहुल गांधी को दूल्हा बनने की सलाह देना चर्चा का विषय बन गया है। कुछ राजनीतिक विश्लेषकों को कहना है कि लालू ने यह बात कहकर एक तरह से इशारों-इशारों में कर दिया कि, विपक्ष का दूल्हा यानी उसका मुख्य चेहरा राहुल गांधी ही होंगे।

लालू यादव ने राहुल गांधी से क्या कहा?

लालू राहुल गांधी की दाढ़ी की ओर इशारा करते हुए कहा, "आप घूमने लगे तो दाढ़ी बढ़ा लिए, इससे नीचे मत ले जाइए।" इसके बाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "आप हमारी सलाह नहीं माने, विवाह नहीं किए। अभी समय नहीं बीता है। आप शादी करिये, हम लोग बारात चलें।"

लालू यादव ने कहा, "आपकी मम्मी (सोनिया गांधी) बोलतीं थीं कि हमारी बात नहीं मानता है, आप लोग शादी करवाइए। आप शादी कर लीजिए।"

इसके बाद उन्होंने कहा, "आप शादी करिए, हम सब लोग बाराती बनने के लिए तैयार है।" इसके जवाब में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आपने कह दिया, तो (शादी) हो जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।