कांग्रेस ने राष्ट्रपति मुर्मू का किया अपमान, ‘शहजादे’ की उम्र से भी कम सीट होंगी हासिल: पीएम मोदी

झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन पर हमला करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें अपने देश को झामुमो और कांग्रेस से बचाने की जरूरत है। झारखंड में घुसपैठ बढ़ रही है और घुसपैठिये दलितों और आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं। आपका वोट ऐसी ताकतों को खत्म करने के लिए मोदी के हाथ को मजबूत करेगा। यह भी कहा कि कांग्रेस की मानसिकता 18वीं सदी की है

अपडेटेड May 11, 2024 पर 11:42 PM
Story continues below Advertisement
पीएम ने कहा कि आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश में राजग की सरकारें बनेंगी, जहां विधानसभा चुनाव हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या के राम मंदिर के दौरे के बाद अपमान करने के लिए विपक्षी I.N.D.I.A गठबंधन की आलोचना की है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव में अपने 'शहजादे' की उम्र से भी कम लोकसभा सीट मिलेंगी। पीएम मोदी ने झारखंड के चतरा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि गठबंधन के नेता, विपक्ष की मान्यता हासिल करने के लिए लोकसभा चुनाव के बाद छोटे दलों का विलय करने की योजना बना रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी (Narendra Modi) ने शहजादे के तौर पर राहुल गांधी को टारगेट करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस को अपने 'शहजादे' की उम्र से भी कम सीट मिलेंगी। गठबंधन ने हार पहले ही स्वीकार कर ली है। I.N.D.I.A गठबंधन के एक बड़े नेता का यह बयान कि चुनाव के बाद सभी छोटे दलों को कांग्रेस में विलय कर लेना चाहिए, उनकी हताशा को दर्शाता है।"

'चुनाव में 50 सीट भी नहीं मिलेंगी'


पीएम ने यह भी कहा कि आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकारें बनेंगी, जहां विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। विपक्ष को लोकसभा चुनाव में 50 सीट भी नहीं मिलेंगी। मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस की मानसिकता 18वीं सदी की है...राष्ट्रपति के राम मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने मंदिर की सफाई की बात की...उन्होंने राष्ट्रपति का अपमान किया।" पीएम कहा, ‘‘आदिवासियों ने राजकुमार राम को 14 साल के वनवास के दौरान अयोध्या के मर्यादा पुरूषोत्तम राम में बदल दिया, हम इसके लिए आदिवासियों को पूजते हैं। लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)-कांग्रेस इस सम्मान को पचा नहीं पा रहे हैं।’’

'आपके एक वोट की ताकत है कि आज एक आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू भारत की राष्ट्रपति बनी हैं, लेकिन कांग्रेस इसको पचा नहीं पा रही है। आदिवासी समाज आगे बढ़े... I.N.D.I अलायंस को पसंद नहीं है। ये जनजातीय समाज के लोगों को आगे बढ़ने देना नहीं चाहते हैं।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि ‘I.N.D.I.A’ गठबंधन की योजना देश की संपत्ति मुसलमानों को सौंपने और ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग)/ एससी (अनुसूचित जाति)/ एसटी (अनुसूचित जनजाति) का आरक्षण, गठबंधन के "वोट बैंक" को सौंपने की है। उन्होंने कहा कि झारखंड में घुसपैठ बढ़ रही है और घुसपैठिये दलितों और आदिवासियों की जमीन हड़प रहे हैं। आपका वोट ऐसी ताकतों को खत्म करने के लिए मोदी के हाथ को मजबूत करेगा।

अरविंद केजरीवाल अंतरिम जमानत पर रिहा हुए हैं, रेगुलर पर नहीं; वकील बोले- यह आदेश नहीं बन सकता कानूनी मिसाल

देश को झामुमो और कांग्रेस से बचाने की जरूरत

झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन पर हमला करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा, "हमें अपने देश को झामुमो और कांग्रेस से बचाने की जरूरत है। आपने देखा है कि कैसे एक मंत्री के निजी सचिव के घरेलू सहायक के परिसर से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई। आप कल्पना कीजिए कि ये नेता कितने भ्रष्ट हैं। झारखंड को लूटने वाले इन बेशर्म नेताओं को जेल भेजिए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मोदी उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकता है।"

Moneycontrol News

Moneycontrol News

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।