Credit Cards

प्रियंका ने जीता वायनाड उपचुनाव, फिर भी लोकसभा में कांग्रेस को लगा झटका, 99 से घटकर 98 हुई कुल सीट

कांग्रेस पार्टी को महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के साथ ही लोकसभा में भी तगड़ा झटका लगा है। लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केरल की वायनाड सीट से भारी अंतर से जीत दर्ज कर अपने चुनावी सफर का आगाज किया है। हालांकि इस जीत के बावजूद लोकसभा में कांग्रेस के कुल सांसदों की संख्या 99 से घटकर 98 हो गई है। दरअसल महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा के साथ ही 2 लोकसभा सीटों पर भी उपचुनाव हुए थे

अपडेटेड Nov 23, 2024 पर 6:40 PM
Story continues below Advertisement
Loksabha Bye Election: नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है

Loksabha Bye Election: कांग्रेस पार्टी को महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के साथ ही लोकसभा उपचुनाव में भी तगड़ा झटका लगा है। लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केरल की वायनाड सीट से भारी अंतर से जीत दर्ज कर अपने चुनावी सफर का आगाज किया है। हालांकि इस जीत के बावजूद लोकसभा में कांग्रेस के कुल सांसदों की संख्या 99 से घटकर 98 हो गई है। दरअसल महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा के साथ ही 2 लोकसभा सीटों पर भी उपचुनाव हुए थे। इसमें केरल की वायनाड और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट शामिल हैं। इन दोनों ही सीटों को लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीता था।

वायनाड सीट से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लगातार दूसरी बार जीत मिली थी। हालांकि उन्होंने वायनाड के साथ ही उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ा था, जहां से अब तक उनकी मां सोनिया गांधी सांसद बनती आ रही थी। राहुल गांधी को दोनों जगहों से जीत मिलीं। ऐसे में उन्हें नियमों के तहत एक सीट छोड़नी थी और इसके लिए उन्होंने वायनाड चुना।

कांग्रेस पार्टी ने वायनाड से राहुल की उत्तराधिकारी के तौर पर प्रियंका गांधी को बतौर उम्मीदवार उतारा। प्रियंका लंबे समय से राजनीति में सक्रिय थीं। वह कांग्रेस पार्टी की महासचिव भी है। लेकिन उन्होंने अब तक कभी चुनाव नहीं लड़ा था। प्रियंका को अपने पहले चुनाव में कुल 6,22,338 वोट मिले और उन्होंने CPI पार्टी के उम्मीदवार सत्यन मोकेरी को 4,10,931 वोटों के बड़े मार्जिन से हराया। प्रियंका की जीत का मार्जिन उनके भाई राहुल गांधी से भी अधिक रहा, जो बताता है वायनाड की जनता ने उन्हें हाथोंहाथ लिया है।


हालांकि महाराष्ट्र में नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा। यह सीट कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव में कांग्रेस ने उनके बेटे रवींद्र चव्हाण को मैदान में उतारा। वहीं बीजेपी ने डॉ संतुक हंबार्डे पर दांव लगाया।

शाम 6.30 बजे चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, डॉ संतुक हंबार्डे को अभी तक 5,50,585 वोट मिले हैं और वह 37,810 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार को अभी तक 5,12,775 वोट ही मिल सके। डॉ संतुक हंबार्डे की बड़ी बढ़त को देखते हुए उनकी जीत को पक्का माना जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस का लोकसभा में अब एक सांसद कम हो जाएगा। इसके साथ ही उसके कुल सांसदों की संख्या अब 99 से घटकर 98 हो जाएगी।

यह भी पढ़ें- 'महा'जीत के बाद शेयर बाजार में आएगी 'महा'रैली? जानें सोमवार 25 नवंबर को कितना उछल सकता है निफ्टी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।