Stock Market: महाराष्ट्र चुनाव में BJP की अगुआई वाली महायुति की भारी जीत के बाद अब सबकी नजरें शेयर बाजार पर टिकी हैं। सोमवार को बाजार की चाल कैसी रहेगी? महाराष्ट्र में महायुति को मिली जीत मुख्य रूप से बीजेपी की जीत है। बीजेपी को महाराष्ट्र में इससे पहले इतनी सीटें कभी नहीं मिली थीं। लोकसभा चुनावों के बाद पहली बार BJP ने किसी बड़े राज्य में इतनी बड़ी जीत हासिल की है। यह बीजेपी और केंद्र सरकार के मोराल को बढ़ाने के लिए बड़ा बूस्टअप है। मार्केट एक्सपर्ट्स की मानें तो अब शेयर बाजार में सोमवार 25 नवंबर को बड़ी तेजी देखने को मिल सकती है।
हमारे सहयोगी CNBC-आवाज के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने कहा कि अगर शेयर बाजार आज खुला होता, तो नतीजों के बाद 1,000 अंत तक उछल गया होता। अनुज सिंघल ने कहा कि सोमवार को निफ्टी कम से कम 500 अंकों की बढ़त के साथ खुल सकता है। उन्होंने कहा कि इन नतीजों के साथ ही बाजार में अब करेक्शन खत्म हो गया है और वह अब सीधा यहां ऑलटाइम हाई की तरफ बढ़ता दिखेगा। उन्होंने कहा कि बुल मार्केट में जब भी करेक्शन खत्म होता है तो बाजार को वापस ऑलटाइम हाई लगाने में 3 हफ्ते भी नहीं लगते है। इस साल के दिसंबर में ही निफ्टी हमें ऑलटाइम हाई लगाता दिख सकता है। ऐसे में हम साल 2024 को वापस ऑलटाइम हाई पर समाप्त कर सकते हैं।
हालांकि झारखंड में बीजेपी को झटका लगा है और वहां इंडिया गठबंधन फिर से सरकार बनाने जा रहा है। लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि शेयर बाजार के लिहाज से झारखंड का चुनाव उतना अहम नहीं है, जितना महाराष्ट्र का है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि महाराष्ट्र में जीत से एक बार फिर यह साबित हो गया है कि मतदाताओं का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बना हुआ है। साथ ही मोदी की ताकत पर छाए संदेह के बादल भी छंट गए हैं। इससे बाजार का भरोसा इंडियन इकोनॉमी में बढ़ेगा।
मास्टर कैपिटल सर्विसेज के विष्णुकांत उपाध्याय का मानना है कि महाराष्ट्र के नतीजों का स्टॉक मार्केट पर बड़ा असर पड़ेगा। इसकी वजह यह है कि महाराष्ट्र ऐसा राज्य है जो औद्योगिक रूप से सबसे ज्यादा विकसित है। इसका देश की जीडीपी में सबसे ज्यादा योगदान है। देश की करीब 13 से 14 फीसदी GDP यही से आती है। इंडिया के कुल एक्सपोर्ट्स में महाराष्ट्र की करीब 16 फीसदी हिस्सेदारी है। ऐसे में यहां बीजेपी की सरकार बनने से निवेशकों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे निवेश के लिए आकर्षित होंगे। केंद्र की मोदी सरकार का आत्मविश्वास भी महाराष्ट्र नतीजों के बाद बढ़ना तय है। इससे सरकार रिफॉर्म्स पर अपना फोकस बढ़ाएगी।
कई सरकारी कंपनियों में विनिवेश का प्लान तैयार है। अब सरकार इन पर तेजी से अमल करेगी। अगर सरकार बड़े पीएसयू में अपनी हिस्सेदारी घटाती है तो इससे स्टॉक मार्केट्स में शेयरों की सप्लाई बढ़ेगी। एक्सपर्ट्स का यह भी कहना है कि महाराष्ट्र के नतीजों के बाद इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे और बैंकिंग स्टॉक्स में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है। निवेशकों का रुख अब डिफेंसिव से एग्रेसिव हो सकता है। लोकसभा चुनावों के बाद निवेशकों का रुझान डिफेंसिव स्टॉक्स में बढ़ा था। लेकिन अब इसमें बदलाव आ सकता है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर पर काफी निवेश करती है। इसका फायदा इंफ्रा कंपनियों को भी मिल सकता है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।