Maharashtra Politics: यह कहानी बॉलीवुड के फिल्म मेकर्स के लिए एकदम परफेक्ट होगी, जिसमें एक्शन है, लॉयल्टी है और फिर जीत भी है। हालांकि, यहां एक ट्विस्ट है। वो ये कि ये पूरी कहानी महाराष्ट्र (Maharashtra) के मौजूदा राजीतिक संकट (Political Crisis) से जुड़ी है, जहां एक विधायक ने अपनी निष्ठा दिखान के लिए बहुत बड़ा जोखिम उठा लिया।
CNN-News18 के मुताबिक, एक शिवसेना (Shiv Sena) विधायक गुजरात (Gujarat) से भाग कर महाराष्ट्र (Maharashtra) लौट आया। MVA सरकार को धमकी देने के लिए गुजरात में ही विद्रोही नेता एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) अपने वफादारों के साथ डेरा डाले हुए थे।
दरअसल ये विधायक उन छह विधायकों में शामिल था, जिन्हें इस बहाने गुजरात ले जाया जा रहा था कि शिंदे उनमें से किसी से मिलना चाहते हैं। हालांकि, जैसे ही उनकी गाड़ियां वसई विरार को पार कर गुजरात बॉर्डर से आगे बढ़ीं, विधायकों को शक हुआ।
विधायक ने गाड़ी से लगाई छलांग
जैसे ही कार एक चौकी के पास पहुंची। एक विधायक ने गाड़ी से छलांग लगा दी और एक टू व्हिलर सवार से लिफ्ट ली। फिर वह महाराष्ट्र की ओर चार किलोमीटर पैदल चला। यहां से दहिसर पहुंचने के लिए उसने एक ट्रक से लिफ्ट ली और मुंबई लौटा।
मुंबई लौटने के बाद वह मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के आवास पर पहुंचा। इसके बाद विधायक ने अपनी आपबीती सुनाई और दूसरे लोगों के बारे में भी मुख्यमंत्री को बताया।
महाराष्ट्र शिवसेना के दिग्गज नेता एकनाथ शिंदे के विद्रोह से पैदा हुए राजनीतिक संकट से जूझ रहा है। शिंदे को पार्टी में दरकिनार किए जाने से नाराज बताया जाता है। वह MLC चुनाव के एक दिन बाद 11 विधायकों के साथ सूरत पहुंच गए थे।
हालांकि, ANI न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा, "अभी हमारे पास 46 विधायक हैं, जिनमें 6-7 निर्दलीय विधायक हैं। बाकी शिवसेना के विधायक हैं। आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी।" अब शिंदे विधायकों के साथ असम में ठहरे हुए हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री नंबर गेम जीतने के लिए आश्वस्त हैं। उन्हें असम से ज्यादा से ज्यादा विधायकों के लौटने की उम्मीद है। हालांकि, ठाकरे जानते हैं कि शिंदे के लौटने की संभावना नहीं है, लेकिन सहयोगियों के लिए उनका संदेश साफ है कि जब तक वह अपना घर ठीक नहीं कर लेते हैं, उन्हें अपने-अपने खेमे की देखभाल करनी चाहिए।