Maharashtra Vidhan Parishad Election: महाराष्ट्र में एक बार फिर चुनाव का मौसम आ गया है। महाराष्ट्र में विधान परिषद का चुनाव 12 जुलाई होना है। ऐसे में विभिन्न राजनीतिक दल विधान परिषद की 11 सीटों के लिए होने वाले चुनाव से पहले अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए प्रयासरत हैं। ऐसे दल 'क्रॉस वोटिंग' की आशंका के मद्देनजर उनके साथ डिनर पर बैठक कर रहे हैं। वहीं विधायकों को होटल में ठहराने का इंतजाम किया जा रहा है। उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने शुक्रवार को होने वाले विधान परिषद चुनाव से पहले अपने विधायकों को मुंबई के अलग-अलग होटलों में भेज दिया है।
उच्च सदन के 11 सदस्य 27 जुलाई को अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। उन खाली सीटों को भरने के लिए यह चुनाव कराया जा रहा है जहां राजनीतिक दलों का काफी कुछ दांव पर लगा है। इस चुनाव में विधायक निर्वाचक मंडल के सदस्य होते हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने गुरुवार को एक होटल में अपनी पार्टी कांग्रेस के विधायकों के लिए रात्रिभोज रखा है।
दूसरी तरफ, विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) की घटक शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे बुधवार रात मध्य मुंबई के एक पांच सितारा होटल में डिनर पर अपनी पार्टी के विधायकों के साथ बातचीत कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) अपने विधायकों को उपनगरीय क्षेत्र के एक पांच सितारा होटल में ठहराएगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवेसना के विधायक विधान परिषद चुनाव के पहले एक बैठक के लिए बुधवार सुबह विधानभवन परिसर में इकट्ठा हुए। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने भी विधानभवन परिसर में अपने सदस्यों के साथ रणनीतिक बैठक की।
27 सदस्यों का 27 को पूरा हो रहा कार्यकाल
विधानपरिषद के 11 सदस्य 27 जुलाई को छह साल का अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। इनमें अविभाजित शिवसेना की मनीषा कायंदे और अनिल परब, कांग्रेस की पी सातव और वजाहत मिर्जा, अविभाजित राकांपा के अब्दुल्ला दुर्रानी, भाजपा के विजय गिरकर, निलय नाइक, रमेश पाटिल, रामराव पाटिल, राष्ट्रीय समाज पक्ष (RSP) के महादेव जानकर और पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी (PWP) के जयंत पाटिल शामिल हैं।
राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा ही विधानपरिषद के इस चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल है। फिलहाल विधानसभा की प्रभावी संख्या 274 है। हर विजयी प्रत्याशी को प्रथम वरीयता के 23 मत हासिल करने होंगे।
विधानसभा में बीजेपी 103 सदस्यों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। वहीं शिवेसना के पास 38, NCP के पास 42, कांग्रेस के पास 37, शिवसेना (UBT) के पास 15 और NCP (शरद पवार) के पास 10 सदस्य हैं। सदन में अन्य दलों में बहुजन विकास आघडी के तीन, समाजवादी पार्टी के दो, एआईएमआईएम एवं प्रहार जनशक्ति पार्टी के दो-दो, मनसे, माकपा, स्वाभिमानी पक्ष, जनसुराज्य शक्ति पार्टी, आरएसपी, क्रांतिकारी शेतकारी पक्ष और पीडब्ल्यूपी के एक-एक सदस्य हैं। इसके अलावा 13 निर्दलीय विधायक भी हैं।
बीजेपी ने पांच प्रत्याशियों पंकजा मुंडे, योगेश तिलकर, परिणय फूके, अमित गोरखे, सदाभाउ खोट तथा उसकी सहयोगी शिवसेना ने दो प्रत्याशियों पूर्व लोकसभा सदस्य कृपाल तुमाने और भावना गवली को चुनाव मैदान में उतारा है। NCP ने शिवाजीराव गरजे और राजेश वितेकर को टिकट दिया है। पिछले सप्ताह शिवेसना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने विश्वास जताया था कि विपक्षी गठबंधन के सभी तीनों उम्मीदवार विजयी होंगे।