MCD Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनावों (Gujarat Elections 2022) की तारीखों की घोषणा के एक दिन बाद दिल्ली नगर निगम चुनाव का भी आज शुक्रवार को ऐलान हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में राज्य चुनाव आयोग (Delhi Election Commission) की ओर से आज शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी है। इसमें MCD चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में दिल्ली नगर निगम के चुनाव हो सकते हैं। MCD की 250 सीटों में से अनुसूचित जाति (SC) के लिए 42 सीटें आरक्षित की गई हैं। वहीं, महिलाओं के लिए भी 50 फीसदी सीटें आरक्षित रहेंगी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा दिल्ली नगर निगम के वार्डों के पुनर्निर्धारण से संबंधित एक अधिसूचना जारी के बाद राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम (MCD) चुनाव के वार्डों की कुल संख्या 272 से घटकर 250 हो गई है। दिल्ली में तीनों नगर निगमों के मर्जर के बाद यह पहला चुनाव होगा।
15 सालों से MCD पर BJP पर कब्जा
पिछले 15 सालों से दिल्ली नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का शासन है। इस चुनाव के लिए तीनों मुख्य पार्टियों बीजेपी, कांग्रेस और आप ने निगम के 250 वार्ड के लिए अपने उम्मीदवार के चयन और रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है।
खबरों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी को उम्मीदवारी के लिए 1,000 से भी ज्यादा एप्लीकेशन मिल चुके हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने चुनाव से पहले शहर के 10 लाख से ज्यादा परिवारों से संपर्क साधने के लिए ‘हर घर संपर्क (Har Ghar Sampark)’ अभियान शुरू किया है।
जहांगीरपुरी के आजादपुर वार्ड से अभियान की शरूआत करते हुए बीजेपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी ‘स्वच्छ इरादों’ के साथ दिल्ली की जनता की सेवा करने को प्रतिबद्ध है।
दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव ने बताया कि अभियान के तहत दिल्ली बीजेपी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता आने वाले दिनों में 13,000 से ज्यादा मतदान केंद्रों में से प्रत्येक के 100 घरों में जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान 6 नवंबर को समाप्त होगा।
BJP ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पूरे दम-खम के साथ मैदान में उतरी अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) को एक साथ कई मोर्चों पर घेरने की तैयारी शुरू कर दी है।