Delhi MCD Election Results 2022: दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) 126 के जादुई आंकड़े को पार कर ली है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी उससे ज्यादा पीछे नहीं है। राज्य निर्वाचन आयोग (Delhi Election Commission) की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की अगुवाई वाली AAP 134 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, जबकि बीजेपी 104 सीटों पर विजयी घोषित की जा चुकी है। वहीं, कांग्रेस (Congress) को केवल 9 सीटों पर जीत प्राप्त हुई है। जबकि, निर्दलीय उम्मीदवारों ने 3 सीटें जीती है। एमसीडी में कुल 250 वार्ड हैं और बहुमत के लिए 126 वार्ड में जीत जरूरी है।
अपना गढ़ नहीं बचा पाए सिसोदिया और सत्येंद्र जैन
दिल्ली नगर निगम में भले ही आम आदमी पार्टी की कब्जा हो गया है, लेकिन दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) और जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) के इलाके में AAP का सूपड़ा साफ हो गया है। दोनों मंत्रियों के क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जीत हासिल की है। इसके अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता (Adesh Gupta) के इलाके में भी भगवा पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई है।
सिसोदिया पटपड़गंज विधानसभा क्षत्र से विधायक हैं। उनके क्षेत्र में चार वार्ड आते हैं। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी चारों वार्ड में बीजेपी प्रत्याशियों ने AAP उम्मीदवारों को पटखनी दे दी है। वार्ड 196 मयूर विहार-2 में बीजेपी प्रत्याशी बिपिन बिहारी ने जीत दर्ज की है।
वहीं, 197-पटपड़गंज से BJP की रेनू चौधरी ने AAP प्रत्याशी को हराकर कब्जा कर लिया है। इसके अलावा 198-विनोद नगर से भगवा पार्टी के रविंदर सिंह नेगी और 199-मंडावली वार्ड से बीजेपी की शशि चांदना ने AAP प्रत्याशियों के मुकाबले जीत दर्ज कर दी है।
इसके अलावा जेल में बंद AAP के मंत्री सत्येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूर बस्ती के सभी 3 वार्ड पर भी BJP ने परचम लहरा दिया है। शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र में सरस्वती विहार वार्ड संख्या 58 से बीजेपी प्रत्याशी शिखा भारद्वाज ने AAP प्रत्याशी उर्मिला गुप्ता को मात दी है।
वहीं, पश्चिम विहार वार्ड-59 से बीजेपी के विनीत वोहरा ने शालू दुग्गल को शिकस्त दे दी है। इसके अलावा रानी बाग वार्ड 60 से ज्योति अग्रवाल ने AAP प्रत्याशी मिथलेस पाठक को पटखनी दे दी है। बता दें कि सत्येंद्र जैन भ्रष्टाचार के आरोप में इस समय दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं।
शुरुआती रुझानों में BJP बढ़त बना ली थी
एमसीडी चुनावों की मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई थी और 9.30 बजे आए शुरुआती रुझानों में BJP ने AAP पर महत्वपूर्ण बढ़त बना ली थी। हालांकि, जल्द ही रुझान AAP के पक्ष में झुकते नजर आने लगे। दिल्ली में पिछले साल तीनों निगमों का एक बार फिर विलय होने के बाद यह पहला एमसीडी चुनाव था।
2017 के चुनावों में BJP ने 270 वार्ड में से 181 पर जीत हासिल की थी, जबकि AAP के खाते में 48 सीटें गई थीं। वहीं, कांग्रेस 30 वार्डों में जीत के साथ तीसरे स्थान पर रही थी। इस बीच, AAP के कार्यालय में जश्न का माहौल है। पूरे परिसर को गुब्बारों से सजाया गया है और वहां लाउडस्पीकर पर देशभक्ति के गीत बजाए जा रहे हैं।
दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए चार दिसंबर को चुनाव हुआ था, जिसमें 1,349 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई थी। एमसीडी चुनाव में 50.48 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।