Mulayam Singh Yadav Health: मुलायम सिंह यादव की हालत स्थिर! CCU में भर्ती, PM मोदी और CM योगी ने फोन कर जाना हाल

मुलायम सिंह यादव को यूरिन संक्रमण के साथ ही ब्लड प्रेशर की समस्या काफी बढ़ गई थी। सपा संस्थापक को सांस लेने में तकलीफ के चलते रविवार को ICU में शिफ्ट किया गया

अपडेटेड Oct 03, 2022 पर 2:19 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है

Mulayam Singh Yadav Health updates: उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और देश के रक्षामंत्री रह चुके समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) की तबियत खराब है। गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। मुलायम सिंह यादव को रविवार को तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल के ICU (intensive care unit) में शिफ्ट किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव को यूरिन संक्रमण के साथ ही ब्लड प्रेशर की समस्या काफी बढ़ गई थी। सपा संस्थापक को सांस लेने में तकलीफ के चलते ICU में शिफ्ट किया गया। हालांकि, अभी तक उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं आया है। मुलायम सिंह यादव को अभी भी वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

ये भी पढ़ें- चीन जा रहे ईरानी विमान में बम की सूचना से हड़कंप! भारत में लैंडिंग की नहीं मिली इजाजत, हाई अलर्ट पर IAF


मेदांता अस्पताल ने सोमवार को एक बयान जारी कर बयाया, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव वर्तमान में क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती हैं और उनका इलाज विशेषज्ञों की एक व्यापक टीम द्वारा किया जा रहा है।"

डॉक्टरों का कहना है कि सपा संरक्षक के लिए 24 घंटे बेहद अहम हैं और उनकी स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से सोमवार को एक ट्वीट कर बताया गया, "आदरणीय नेता जी आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। आप (कार्यकर्ताओं) सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल ना आएं। नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी आप लोगों को समय समय पर दी जाती रहेगी।"

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से बात कर मुलायम की तबीयत के बारे में पूछा। सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी ने यादव को आश्वासन दिया कि वह कोई भी संभव मदद और सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।

वहीं, राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, मुलायम सिंह यादव जी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर मैंने उनके पुत्र अखिलेश यादव जी से फ़ोन पर बात करके उनकी कुशलक्षेम जानी है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ हों।”

लखनऊ से प्राप्त समाचार के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात कर मुलायम सिंह यादव की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

रविवार की देर रात जारी सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने मेदांता अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से वार्ता कर मुलायम सिंह यादव को उत्कृष्ट इलाज मुहैया कराने के लिए कहा। सपा की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सिंह के परिवार के सदस्य गुरुग्राम पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सिंह के भाई शिवपाल सिंह यादव पहले से वहां मौजूद हैं, जबकि पार्टी के अध्यक्ष एवं मुलायम के बेटे अखिलेश यादव लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन सूद और डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में 82 वर्षीय सिंह का इलाज किया जा रहा है।

सिंह का 22 अगस्त से अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्हें जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “मुलायम सिंह जी के खराब तबीयत का समाचार प्राप्त हुआ। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया, “मुलायम सिंह यादव जी की बिगड़ती सेहत के बारे में सुनकर हम सब चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए कामना कर रहे हैं। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत सिंह ने ट्वीट किया, “मुलायम सिंह जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।