Mumbai BMW Hit-And-Run Case: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बुधवार (10 जुलाई) को मुंबई के उस बार के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया, जहां मुंबई हिट एंड रन मामले में आरोपी मिहिर शाह को शराब परोसी गई थी। मुंबई के जुहू में स्थित बार के कुछ हिस्सों को BMC अधिकारियों ने बुधवार सुबह ध्वस्त कर दिया। 24 वर्षीय मिहिर शाह को इसी बार में देर रात तक शराब परोसी गई थी। वाइस-ग्लोबल तापस बार के मैनेजर ने मिहिर को शराब परोसी थी, जिसकी उम्र अभी 24 साल भी नहीं हुई है। महाराष्ट्र में शराब पीने की कानूनी उम्र 25 वर्ष है। आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा संपत्ति को सील करने के 24 घंटे बाद यह कार्रवाई की गई है।
शाह द्वारा चलाई जा रही BMW ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी थी, जिसमें 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी और उसका पति घायल हो गया था। एक दिन पहले नाबालिग लोगों को शराब परोसने के अलावा बार को बिना उचित लाइसेंस के शराब परोसने और संपत्ति पर अवैध निर्माण के लिए सील कर दिया गया था। इन अवैध हिस्सों को अब ध्वस्त कर दिया गया है।
शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा मिहिर उस BMW कार को चला रहा था, जिसने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी। घटना में स्कूटर सवार एक महिला की मौत हो गई थी और उसका पति घायल हो गया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार 7 जुलाई की सुबह घटना के बाद से फरार मिहिर को मंगलवार को मुंबई के निकट विरार से गिरफ्तार कर लिया गया।
शिवसेना ने मिहिर के पिता को पद से हटाया
इस बीच, मुंबई बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन मामले में अपने बेटे की गिरफ्तारी के एक दिन बाद शिवसेना नेता राजेश शाह को पार्टी के पद से हटा दिया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मिहिर शाह के पिता राजेश शाह को बुधवार को पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया। राजेश शाह पालघर में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उप नेता थे।
उनको रविवार को वर्ली में अपने बेटे मिहिर शाह से जुड़े हिट-एंड-रन मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई थी। हालांकि, मुंबई के सेवरी में एक मजिस्ट्रेट की अदालत ने सोमवार को राजेश शाह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया और फिर उन्हें जमानत दे दी। अदालत ने उनके ड्राइवर राजर्षि बिदावत को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।
पिता पर बेटे को भगाने का आरोप
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मिहिर के पिता राजेश शाह ने अपने बेटे को भगाने में सक्रिय भूमिका निभाई और वारदात में शामिल वाहन को वहां से हटाने की साजिश रच रहा था। संबंधित घटनाक्रम में एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि राज्य आबकारी विभाग ने मुंबई के जुहू इलाके में एक बार को सील कर दिया है, जहां दुर्घटना से कुछ घंटे पहले शनिवार रात को मिहिर और उसके दोस्त गए थे।
महिला को 1.5 किलोमीटर तक घसीटते का आरोप
आबकारी विभाग के अधिकारी ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के लिए जिलाधिकारी के आदेश पर बार को सील करने की कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मिहिर BMW कार चला रहा था और उसने कावेरी नखवा (45) को टक्कर मार दी तथा उनके पति प्रदीप को घायल कर दिया। यह घटना रविवार सुबह उस वक्त हुई जब कपल मुंबई के वर्ली इलाके में अपने दोपहिया वाहन से जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, कार कावेरी नखवा को टक्कर मारने के बाद लगभग 1.5 किलोमीटर तक घसीटते गई, उसके बाद मिहिर ने कार रोकी। सीट पर अपने ड्राइवर को बैठा दिया और दूसरे वाहन से भाग गया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने मिहिर को पकड़ने के लिए 11 टीम गठित करने के साथ अपराध शाखा को भी जांच में शामिल किया। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया गया था।
मुंबई की एक अदालत ने राजेश शाह के ड्राइवर राजर्षि बिदावत की पुलिस हिरासत मंगलवार को 11 जुलाई तक बढ़ा दी। दुर्घटना के समय ड्राइवर राजर्षि बिदावत मिहिर के साथ कार में बैठा था। राजेश शाह फिलहाल जमानत पर बाहर है। सोमवार को पुलिस द्वारा अदालत में पेश किए गए सीसीटीवी फुटेज में दुर्घटना का भयावह डिटेल्स सामने आया।
सीसीटीवी फुटेज में कार से कावेरी नखवा को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए देखा गया। इन तस्वीरों में मिहिर और बिदावत को बोनट से महिला को खींचकर हटाते, उसे सड़क पर रखते और गाड़ी को उलटी दिशा में चलाते समय उसे कुचलते हुए देखा जा सकता है।
विपक्षी दलों ने राज्य में वाहन से टक्कर मारकर फरार होने की दुर्घटनाओं में वृद्धि को लेकर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की है। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कहा था कि इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। शिंदे ने कहा था, "जब तक मैं मुख्यमंत्री हूं, किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह अमीर हो, प्रभावशाली हो, या नौकरशाहों या मंत्रियों की संतान हो, या किसी भी पार्टी से संबद्ध हो, छूट नहीं मिलेगी।"