VIDEO: 'बाहर पेपर लीक और अंदर पानी लीक...': नए संसद भवन की छत टपकने पर सरकार पर विपक्ष का हमला

Parliament Roof Leak Video: कांग्रेस मणिकम टैगोर ने लोकसभा में नए संसद भवन की छत टपकने का मुद्दा उठाने का प्रयास किया। मणिकम टैगोर ने X पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, "बाहर पेपर लीक हो रहा है, अंदर पानी लीक हो रहा है।" इस फुटेज में छत से पानी लॉबी के बीच में रखी नीली बाल्टी में टपकता हुआ दिखाई दे रहा है

अपडेटेड Aug 01, 2024 पर 4:09 PM
Story continues below Advertisement
Parliament Roof Leak Video: नए संसद भवन की छत टपकने का मुद्दा लोकसभा में उठा

Parliament Roof Leak Video: दिल्ली में मूसलाधार बारिश के बाद सोशल मीडिया पर नए संसद भवन की लॉबी के अंदर पानी टपकने का वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने गुरुवार (1 अगस्त) को सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में नए संसद भवन की छत टपकने का मुद्दा उठाने का प्रयास किया। मणिकम टैगोर ने X पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, "बाहर पेपर लीक हो रहा है, अंदर पानी लीक हो रहा है।" इस फुटेज में छत से पानी लॉबी के बीच में रखी नीली बाल्टी में टपकता हुआ दिखाई दे रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली संसद लॉबी में पानी का रिसाव एक गंभीर मुद्दा है।

लोकसभा में उठा मुद्दा

सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही के समापन के बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भारत यात्रा पर आए और उस समय सदन के विशेष बॉक्स में बैठे हुए जापानी संसदीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इसके बाद कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने अपने द्वारा दिए गए स्थगन प्रस्ताव का हवाला देते हुए इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की। इस पर ओम बिरला ने मणिकम टैगोर की मांग को खारिज करते हुए कहा कि वे सभी सांसदों को आगाह करते हैं।


स्पीकर ने कहा कि भविष्य के लिए भी यह बताते हैं कि नियम और प्रक्रियाओं के तहत भी और कई बार बुलेटिन जारी कर भी यह बताया जाता है कि स्पीकर के अधिकार क्षेत्र से जुड़े मसले पर नोटिस नहीं लिया जाता। उन्होंने सांसदों से इसका भविष्य में ध्यान रखने को भी कहा। बता दें कि, मणिकम टैगोर ने नए संसद भवन की छत टपकने का एक वीडियो शेयर करते हुए अपने पोस्ट में नए संसद भवन की इमारत की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाया।

जांच की मांग

टैगोर ने लीक के कारणों की जांच के लिए एक विशेष समिति के गठन का प्रस्ताव रखा। टैगोर ने लीक के कारणों की जांच के लिए एक विशेष समिति के गठन का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा, "समिति रिसाव के कारणों पर ध्यान केंद्रित करेगी, डिजाइन और सामग्रियों का मूल्यांकन करेगी और आवश्यक मरम्मत की सिफारिश करेगी। इसके अलावा, इसे एक रखरखाव प्रोटोकॉल स्थापित करना चाहिए और अपने निष्कर्षों को सार्वजनिक रूप से शेयर करके पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।"

अखिलेश यादव ने भी बोला हमला

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली NDA सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पुरानी संसद नई संसद से बेहतर थी। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "इस नई संसद से अच्छी तो वो पुरानी संसद थी, जहां पुराने सांसद भी आकर मिल सकते थे। क्यों न फिर से पुरानी संसद चलें, कम-से-कम तब तक के लिए, जब तक अरबों रुपयों से बनी संसद में पानी टपकने का कार्यक्रम चल रहा है। जनता पूछ रही है कि भाजपा सरकार में बनी हर नई छत से पानी टपकना, उनकी सोच-समझकर बनायी गयी डिज़ाइन का हिस्सा होता है या फिर…"

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, "1200 करोड़ की लागत से बनी संसद अब 120 रुपये की बाल्टी पर निर्भर है।"

ये भी पढ़ें- श्रीलंकाई नेवी और भारतीय नाव के बीच समुद्र में टक्कर! भारत के 1 मछुआरे की मौत, श्रीलंका के उच्चायुक्त तलब

आपको बता दें कि नई संसद का उद्घाटन पिछले साल मई में हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 दिसंबर, 2020 को नए संसद भवन की आधारशिला रखी थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।