PM Modi in Assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम दौरे पर काजीरंगा नेशनल पार्क पहुंचे। यहां वे जंगल सफारी पर गए। प्रधानमंत्री ने हाथी की सवारी भी की। इस दौरान उनके साथ पार्क डायरेक्टर सोनाली घोष और सीनियर फॉरेस्ट ऑफिसर भी थे। काजीरंगा को नेशनल पार्क का दर्जा 1974 में मिला था। बता दें कि इस साल काजीरंगा इस उपलब्धि की गोल्डन जुबली मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम में करीब 2 घंटे रहेंगे। इसके बाद अरुणाचल की राजधानी ईटानगर जाएंगे और वहां ‘विकसित भारत विकसित पूर्वोत्तर’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान मोदी अरुणाचल प्रदेश में 13,000 फीट की ऊंचाई पर बनाई गई सेला सुरंग को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। चीन की सीमा के नजदीक स्थित यह सुरंग भारत के लिए काफी अहम है।
आज (9 मार्च 2024) दोपहर में पीएम मोदी पश्चिम बंगाल और फिर उत्तर प्रदेश जाएंगे। शाम को वे वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। पीएम तूफानी अंदाज में एक दिन में कई राज्यों में हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
पीएम मोदी के ये हैं आज के कार्यक्रम
पीएम मोदी दोपहर करीब 12 बजे असम के जोरहाट पहुंचेंगे और प्रसिद्ध अहोम जनरल लाचित बोरफुकन की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। वे जोरहाट में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे और असम में 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी रवाना हो जाएंगे और करीब 3.45 बजे एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे पश्चिम बंगाल में लगभग 4500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
फिर शाम करीब 7 बजे प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचेंगे और वाराणसी में काशी के विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। 10 मार्च को दोपहर लगभग 12 बजे प्रधानमंत्री एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे उत्तर प्रदेश में 42,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। दोपहर करीब 2.15 बजे वाराणसी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए छत्तीसगढ़ में महतारी वंदना योजना की तहत पहली किश्त जारी करेंगे।