मनसुख मंडाविया बने स्वास्थ्य मंत्री, सिंधिया को मिला नागरिक उड्डयन, देखें किसे कौन सा विभाग मिला

कैबिनेट विस्तार से पहले आधा दर्जन से अधिक मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है, माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिन मंत्रियों के परफॉर्मेंस से खुश नहीं थे, उनको कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया गया है

अपडेटेड Jul 08, 2021 पर 8:31 AM
Story continues below Advertisement

Modi Cabinet Reshuffle 2021: मोदी सरकार के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के बाद अब मंत्रालयों का भी बंटवारा हो गया है। डॉ. हर्ष वर्धन से छिना गया स्वास्थ्य मंत्रालय अब मनसुख मंडाविया को दिया गया है। वहीं, अश्विनी वैष्णव को देश का नया रेल मंत्री बनाया गया है। जबकि स्मृति ईरानी को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय दिया गया है।

वहीं, पीयूष गोयल को टेक्सटाइल मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब सहकारिता मंत्रालय का भी प्रभार संभालेंगे। राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री बने रहेंगे। मोदी मंत्रिमंडल में बुधवार को 15 कैबिनेट और 28 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थामने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया, असम के पूर्व सीएम सर्बानंद सोनोवाल, अनुराग ठाकुर, किरण रिजिजू, हरदीप सिंह पुरी समेत 15 मंत्रियों को केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किया गया है।

इसके अलावा मीनाक्षी लेखी, पंकज चौधरी, अनुप्रिया पटेल, शोभा करंदलाजे समेत 28 को राज्य मंत्री बनाया गया है। नए मंत्रिमंडल में शामिल नए चेहरों में चिराग पासवान के चाचा पशुपति नाथ पारस भी हैं, लेकिन काफी कयासों के बावजूद भी सुशील मोदी को केंद्र में जगह नहीं दी गई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद नए मंत्रियों को पद और गोपनियता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ कई बड़े नेता और अधिकारी भी मौजूद हैं।

देखिए, किसे कौन सा मंत्रालय मिला है?


- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय की निगरानी करेंगे। ​​इसके अलावा अमित शाह को गृह मंत्रालय के अलावा सहकारिता मंत्रालय का भी प्रभार दिया गया है।

- ज्योतिरादित्य सिंधिया को नागरिक उड्डयन मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है।

- मनसुख मंडाविया स्वास्थ्य, रसायन और उर्वरक मंत्रालय का जिम्मा संभालेंगे।

- स्वास्थ्य, रसायन और उर्वरक मंत्रालय को जोड़ा जाएगा। शहरी विकास, आवास मंत्रालय को पेट्रोलियम के साथ जोड़ा जाएगा और हरदीप सिंह पुरी को ये मंत्रालय दिया गया है।

- स्‍मृति ईरानी महिला एवं बाल विकास मंत्री होंगी और स्‍वच्‍छ भारत मिशन भी देखेंगी।

- पीयूष गोयल कपड़ा मंत्रालय और उपभोक्ता कल्याण मंत्रालय के अलावा वाणिज्य मंत्रालय देखेंगे।

- अश्विनी वैष्णव रेल मंत्री के साथ आईटी और संचार मंत्री भी होंगे।

- अनुराग ठाकुर सूचना और प्रसारण मंत्रालय के साथ युवा मामलों का जिम्मा संभालेंगे।

- धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा और कौशल विकास मंत्रालय का जिम्मा मिला है।

- पशुपति कुमार पारस खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री बने। 

12 दिग्गज मंत्रियों की छुट्टी

कैबिनेट विस्तार से पहले आधा दर्जन से अधिक मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिन मंत्रियों के परफॉर्मेंस से खुश नहीं थे, उनको कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। इनमें सबसे बड़ा नाम केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद और शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का नाम है।

कोरोना काल में मोदी सरकार के मैनेजमेंट पर कई तरह के सवाल खड़े किए गए थे, स्वास्थ्य मंत्रालय हर किसी के निशाने पर था। ऐसे में डॉ. हर्षवर्धन की केंद्रीय कैबिनेट से छुट्टी हो गई है। साथ ही कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद और पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर को भी केंद्रीय कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

राष्ट्रपति भवन की तरफ से एक बयान जारी कर कहा गया है कि भारत के राष्ट्रपति ने आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद, पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, डीवी सदानंद गौड़ा, थावरचंद गहलोत, संतोष कुमार गंगवार, बाबुल सुप्रियो, धोत्रे संजय शामराव, रतन लाल कटारिया, प्रताप चंद्र सारंगी और देबाश्री चौधरी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

 

   इन मंत्रियों ने ली शपथ

- मुंजपरा महेंद्रभाई, जॉन बारला, एल.मुरुगन और निशीथ प्रमाणिक ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली।

- राजकुमार रंजन सिंह, भारती प्रवीण पवार, बिश्वेश्वर टुडु और शांतनु ठाकुर ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली।

- कपिल मोरेश्वर पाटील, प्रतिमा भूमिक, डॉ. सुभाष सरकार और डॉ.भागवत किशनराव कराड ने राज्य मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। 

- बी.एल.वर्मा, अजय कुमार, देबू सिंह चौहान और भगवंत खुबा ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली।

- अन्नपूर्णा देवी, ए.नारायणस्वामी, कौशल किशोर, अजय भट्ट ने राज्य मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

- शोभा करंदलाजे, भानु प्रताप सिंह वर्मा, दर्शना विक्रम जरदोश, मीनाक्षी लेखी ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली।

राजीव चंद्रशेखर, शोभा करंदलाजे और भानु प्रताप सिंह वर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली।


-पंकज चौधरी, अनुप्रिया सिंह पटेल और सत्य पाल सिंह बघेल ने मंत्री पद की शपथ ली।

 

- पुरुषोत्तम रूपाला, जी किशन रेड्डी और अनुराग ठाकुर ने मंत्रियों के रूप में शपथ ली।

 

- हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मंडाविया, भूपेंद्र यादव ने ली मंत्री पद की शपथ।

- दिल्ली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अश्विनी वैष्णव, पशुपति कुमार पारस, किरण रिजिजू, राज कुमार सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

- दिल्ली: डॉ. वीरेंद्र कुमार, ज्योतिरादित्य सिंधिया, रामचंद्र प्रसाद सिंह ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

- दिल्ली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नारायण तातू राणे, सर्बानंद सोनोवाल को केंद्रीय मंत्री पद की शपथ दिलाई।
 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।