Karnataka Sex Tape Case: सेक्स टेप मामले के आरोपी और हसन सीट से निलंबित हो चुके सांसद प्रज्वल रेवन्ना (Prajwal Revanna) को आखिरकार हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने 27 अप्रैल को देश छोड़ दिया था और फरार थे। अब शुक्रवार को आधी रात के बाद 12.52 बजे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (T2) पर वह विशेष जांच दल (SIT) के अधिकारियों सहित भारी सुरक्षा घेरे के बीच पर उतरे। म्यूनिख से उड़ान भरने वाली लुफ्थांसा फ्लाईट (LH0764) से उतरते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जनता दल (सेक्यूलर) पार्टी से सस्पेंड हो चुके रेमन्ना को रात 1.07 बजे सीआईएसएफ, एसआईटी और कर्नाटक पुलिस के अधिकारियों की एक टीम हवाई अड्डे से पुलिस की एक गाड़ी में लेकर गई।
ऐश-ग्रे हुड वाली जैकेट और ट्रैक पैंट पहने हुए रेमन्ना जब हवाई अड्डे पर उतरे तो काफी शांत दिख रहे थे और उन्हें हवाई अड्डे से शहर में सीआईडी मुख्यालय और एसआईटी कार्यालय में ले जाया गया। पूरे रास्ते में सिक्योरिटी काफी सख्त थी। उन्हें केवल 20 मिनट में जीरो ट्रैफिक मंजूरी के साथ हवाई अड्डे से एसआईटी ऑफिस ले जाया गया और फिर अधिकारियों ने उनकी आधिकारिक गिरफ्तारी की औपचारिकताएं शुरू कीं। अब उन्हें मेडिकल जांच के लिए बॉरिंग अस्पताल ले जाया जाएगा और फिर कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
कर्नाटक सरकार ने बनाई थी एसआईटी
प्रज्वल रेवन्ना पर दर्जनों महिलाओं के साथ यौन दुर्व्यवहार के आरोप हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने के लिए त्वरित और आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। कर्नाटक सरकार ने सांसद के खिलाफ यौन शोषण के अनेक आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया था। इसके बाद राज्य सरकार ने भी अदालत की ओर से प्रज्वल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के आधार पर उसका राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने के संबंध में विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा था।"