जाने-माने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं के बीच सोमवार शाम को उन्होंने पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से मुलाकात की। बीते तीन दिनों में ये दूसरा मौका है जब प्रशांत किशोर की कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात हुई है। इसके पहले शनिवार को भी किशोर ने सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। जानकारी में आया था कि इस दौरान प्रशांत किशोर ने पार्टी के कुछ बड़े नेताओं के सामने मिशन 2024 पर एक विस्तृत प्लान पर प्रेजेंटेशन दिया था।
कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को इस साल के आखिर में होने वाले गुजरात एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार, पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी के आवास पर चार घंटे से अधिक समय तक चली पार्टी के रणनीतिक समूह की बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता अम्बिका सोनी, मुकुल वासनिक, जयराम रमेश, पी चिदंबरम और रणदीप सुरजेवाला मौजूद थे। न्यूज18 को सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान प्रशांत किशोर भी मौजूद थे।
प्रशांत किशोर ने पेश किया 2024 का प्लान
बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की चुनावी रणनीति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। यह बैठक उस समय हुई, जब एक दिन पहले ही प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेतृत्व के समक्ष अगले लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर प्रेजेंटेशन दी थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल के मुताबिक, पार्टी उनकी ओर से पेश की गई योजना पर विचार करने के लिए नेताओं का एक समूह बनाएगी, जो एक सप्ताह के भीतर सोनिया गांधी को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।
किशोर के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देने के लिए पार्टी को इस महीने का बाकी समय दिया गया है। पार्टी के लिए अगले आम चुनाव में 370 सीटों पर चुनाव लड़ने और कुछ राज्यों में रणनीतिक साझेदारी की योजना शामिल है। किशोर ने सुझाव दिया कि पार्टी कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी, जहां वह मजबूत है। कांग्रेस ने आधिकारिक बयान में इस बात को स्वीकार किया है कि 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने एक प्रेजेंटेशन सोनिया गांधी और बाकी कांग्रेस नेताओं के सामने पेश की है।
कांग्रेस में शामिल होने पर जल्द होगा फैसला
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व किशोर की इस चुनावी रणनीति और पार्टी से जुड़ने की स्थिति में उनकी भूमिका के बारे में जल्द फैसला करेगा। कांग्रेस नेताओं के साथ प्रशांत किशोर की बैठक के बाद पार्टी के वेणुगोपाल ने कहा कि प्रशांत किशोर ने कांग्रेस अध्यक्ष को 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तृत प्रेजेंटेशन दी। जो योजना उन्होंने सामने रखी है, उस पर पार्टी का एक समूह विचार करेगा और एक सप्ताह के भीतर कांग्रेस अध्यक्ष को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। इसके बाद इस पर अंतिम फैसला होगा।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रशांत किशोर ने जो योजना पेश की है, उस पर अंतिम निर्णय कांग्रेस आलाकमान करेगा। वह कांग्रेस के लिए किस भूमिका में काम करेंगे, इस पर बहुत जल्द फैसला होने की उम्मीद है। वैसे, पार्टी में एक राय यह जरूर है कि किशोर को कांग्रेस में शामिल होना चाहिए। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पिछले कई हफ्तों से पार्टी नेतृत्व और किशोर के बीच मुख्य रूप से गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर बातचीत चल रही है।
लगातार कांग्रेस के संपर्क में हैं PK
प्रशांत किशोर पिछले कुछ वर्षों से कांग्रेस नेतृत्व के साथ लगातार संपर्क में हैं। हाल में उन्होंने कहा था कि वह 2021 में कांग्रेस में शामिल होने वाले थे, लेकिन कुछ बिंदुओं पर सहमति नहीं बन सकी। मूल रूप से बिहार से ताल्लुक रखने वाले किशोर अगर कांग्रेस में शामिल होते हैं तो वह दूसरी बार सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगे। इससे पहले, वह कुछ समय के लिए जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़े थे, हालांकि बाद में इससे अलग हो गए।
वह पिछले करीब एक दशक से चुनावी रणनीतिकार के तौर पर काम कर रहे हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के सफल चुनावी अभियान के बाद किशोर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में राजद-जद(यू)-कांग्रेस के महागठबंधन की चुनावी जीत में अहम भूमिका निभाई।
इसके बाद उन्होंने 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, 2019 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी, 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी, तथा 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में द्रमुक के लिए काम किया। इन चुनाव अभियानों में भी वह सफल रहे। हालांकि, 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए बतौर चुनावी रणनीतिकार उन्हें कामयाबी नहीं मिली थी।