Punjab Elections: भगवंत मान के हाथ होगी पंजाब की कमान, जानिए कॉमेडियन से सीएम बनने की पूरी कहानी

मान ने 2008 में स्टार प्लस के ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज में हिस्सा लिया था। इसमें दर्शकों ने उनकी कॉमेडी देखी थी। उन्होंने फिल्म 'मैं मा पंजाब दी' में काम भी किया है

अपडेटेड Mar 10, 2022 पर 2:47 PM
48 साल के भगवंत मान पंजाब के संगरूर से दो बार सांसद रह चुके हैं। वह आप के स्टेट प्रेसिडेंट भी हैं। संगरूर पंजाब को मालवा क्षेत्र में आता है, जिसे राजनीति के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है।

भगवंत मान (Bhagwant Mann) पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार के मुख्यमंत्री होंगे। 117 सीटों वाली राज्य विधानसभा में आप का दो-तिहाई से ज्यादा बहुमत होगा। इससे साफ है कि फैसले लेने में मान को दिक्कत नहीं आएगी। मुख्यमंत्री की उनकी कुर्सी को कोई खतरा भी नहीं होगा। वह आप के पंजाब में इकलौता चेहरा हैं। मुख्यमंत्री की कुर्सी की लड़ाई के चलते पंजाब कांग्रेस के हाथ से निकल गया।

मान का मुख्यमंत्री बनना हमें वोलोदिमीर जेलेंस्की की याद दिलाता है। 44 साल के जेलेंस्की भी यूक्रेन का राष्ट्रपति बनने से पहले कॉमेडियन रह चुके हैं। आइए जानते हैं मान की कॉमेडियन से मुख्यमंत्री बनने की कहानी।

मोदी की लहर के बीच जीता लोकसभा चुनाव


48 साल के भगवंत मान पंजाब के संगरूर से दो बार सांसद रह चुके हैं। वह आप के स्टेट प्रेसिडेंट भी हैं। संगरूर पंजाब को मालवा क्षेत्र में आता है, जिसे राजनीति के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। मान का जन्म 1973 में संगरूर के सतोज गांव में हुआ था। पॉलिटिक्स में आने से पहले वह कॉमेडियन थे।

स्टार प्लस के ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज में हिस्सा लिया

2008 में उन्होंने स्टार प्लस के ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज में हिस्सा लिया था। इसमें दर्शकों ने उनकी कॉमेडी देखी थी। उन्होंने फिल्म 'मैं मा पंजाब दी' में काम भी किया है। इस फिल्म के निर्देशक बलवंत दुलत थे। इस फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।

यह भी पढ़ें : UP Elections: 1985 के बाद लगातार दूसरी बार सरकार बनाने वाली पहली पार्टी बनी BJP

2012 में राजनीति में आए

मान ने फरवरी 2012 में पॉलिटिक्स ज्वाइन की। उन्होंने पीपल्स पार्टी ऑफ पंजाब के टिकट से पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री रजिंदर कौर भट्टल के खिलाफ लेहरा (संगरूर) से चुनाव लड़ा। वह चुनाव हार गए। फिर उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले आप ज्वाइन किया। उन्होंने 2,11,721 वोट से संगरूर सीट को जीत लिया। वह आंतरिक कलह के बावजूद आप में बने रहे। उन्होंने 2018 में आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के पंजाब के पूर्व मंत्री और अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांगने के बाद राज्य आप प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया।

मान दोबारा 2018 में पंजाब में आप प्रमुख बने। उन्होंने 2019 का चुनाव 1,11,111 वोट से जीता। यह पंजाब में आप की इकलौती जीत थी। तब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जबर्दस्त लहर थी। मोदी लहर में भाजपा ने लोकसभा की 300 से ज्यादा सीटें जीती थी। लेकिन, मान अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे। अरविंद केजरीवाल इससे बहुत खुश हुए।

केजरीवाल ने घोषित किया सीएम फेस

पंजाब चुनावों से पहले केजरीवाल ने एक फोन नंबर बताया था। उन्होंने लोगों से उस फोन नंबर पर चीफ मिनिस्टर के लिए अपनी पसंद बताने को कहा था। बाद में केजरीवाल ने कहा था कि 93 फीसदी लोग मान को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। फिर उन्होंने सार्वजिनक रूप से मान को आप का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया।

विवादों से रहा है नाता

पंजाब के भावी मुख्यमंत्री का विवादों से नाता रहा है। उन पर बहुत ज्यादा शराब पीने के आरोप लगते रहे हैं। उन्हें कई बार दिन में भी नशे में देखा जाता था। इस वजह से उनका नाम 'पैगवंत मान' पड़ गया था। उन पर शराब पीकर संसद आने तक के आरोप लगे हैं। उन्होंने 2019 में अपनी मां हरपाल कौर की मौजूदगी में शराब छोड़ने का दावा किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2017 में मान की चुटकी ली थी। उन्होंने मशहूर भारतीय दार्शनिक चर्वाक के एक सिद्धांत का जिक्र करते हुए कहा था कि लोगों को घी पीने की जगह मान उन्हें 'कुछ और पीने को कहेंगे'। लेकिन, मान लोकसभा में भाषण के दौरान भी हंसाने की अपनी कला का दिल खोलकर इस्तेमाल करते हैं।

पंजाब में 90 सीटों पर जीत से आप गदगद है। आप के पंजाब प्रभारी राघव चड्ढा ने चुनाव के नतीजों के रूझान में आप की बड़ी बढ़त के बाद कहा, "पंजाब अब उड़ता पंजाब के नाम से नहीं जाना जाएगा। अब इसे उठता पंजाब कहा जाएगा।" उनका इशारा 2016 में आई फिल्म 'उड़ता पंजाब' से था, जिसमें पंजाब में नशाखोरी की प्रॉब्लम के बारे में दिखाया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।