'हम इंडियन स्टेट से भी लड़ रहे हैं': राहुल गांधी के बयान पर तूफान, BJP बोली- कांग्रेस का घिनौना सच उजागर

Rahul Gandhi Remark Row: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के "इंडियन स्टेट के खिलाफ लड़ाई" वाले बयान पर कड़ा प्रहार किया है। बीजेपी ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की इस टिप्पणी से कांग्रेस का घिनौना सच सामने आ गया है। बीजेप ने कहा है कि उनकी टिप्पणियां "सीधे जॉर्ज सोरोस की रणनीति" से निकली हैं

अपडेटेड Jan 15, 2025 पर 5:45 PM
Story continues below Advertisement
Rahul Gandhi Remark Row: राहुल गांधी के बयानों को लेकर बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर तीखे पलटवार किए हैं

Rahul Gandhi Remark Row: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हालिया विधानसभा चुनावों का हवाला देते हुए बुधवार (15 जनवरी) को चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई सिर्फ भारतीय जनता पार्टी (RSS) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से नहीं, बल्कि इंडियन स्टेट (भारतीय राज व्यवस्था) से भी है। राष्ट्रीय राजधानी के कोटला रोड पर 9A स्थित कांग्रेस के नए मुख्यालय के उद्घाटन के बाद पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह दावा भी किया कि भारत की चुनाव प्रणाली में गंभीर समस्या है।

राहुल गांधी ने पार्टी के नए मुख्यालय 'इंदिरा भवन' में कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए कहा, "यह मत सोचिए कि हम निष्पक्ष स्थिति वाली लड़ाई लड़ रहे हैं। यदि आप मानते हैं कि हम सिर्फ भाजपा नामक राजनीतिक संगठन और आरएसएस के खिलाफ लड़ रहे हैं, तो ऐसा नहीं है। ....क्योंकि उन्होंने हमारे देश की लगभग हर संस्था पर कब्जा कर लिया है।" उन्होंने कहा, "हम सिर्फ भाजपा नामक राजनीतिक संगठन और आरएसएस से नहीं, बल्कि 'इंडियन स्टेट' से भी लड़ रहे हैं।"

पीटीआई के मुताबिक उन्होंने अपने संबोधन में दावा किया, "मैंने स्पष्ट रूप से कहा है कि महाराष्ट्र चुनाव में कुछ गलत हुआ है। हम चुनाव आयोग के काम करने के तरीके से असहज हैं। महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच अचानक करीब एक करोड़ नये मतदाताओं का सामने आना समस्या की बात है।"


राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान करने वालों के नाम और पते के साथ वोटर लिस्ट उपलब्ध कराना चुनाव आयोग का कर्तव्य है। लेकिन उसने यह जानकारी देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने सवाल किया, "चुनाव आयोग मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने से क्यों इनकार करेगा? हमें सूची न देकर किस उद्देश्य की पूर्ति होती है और वे इसे क्यों रोके हुए हैं?"

राहुल गांधी के अनुसार, पारदर्शिता सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग का कर्तव्य है और यह बताना उनकी पवित्र जिम्मेदारी है कि ऐसा क्यों हुआ है। कांग्रेस नेता ने कहा, "यह ऐसी बात है जिसे हर कांग्रेसी और हर विपक्षी सदस्य को ध्यान में रखना चाहिए। हमारी चुनाव प्रणाली में एक गंभीर समस्या है। पारदर्शी होना चुनाव आयोग का कर्तव्य है।"

जेपी नड्डा ने किया पलटवार

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की इस टिप्पणी से कांग्रेस का 'घिनौना सच' सामने आ गया है। राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आरोप लगाया कि यह कोई रहस्य नहीं है कि राहुल गांधी और उनके परिवेशी तंत्र के शहरी नक्सलियों और 'डीप स्टेट' के साथ गहरे संबंध हैं जो भारत को बदनाम, अपमानित और खारिज करना चाहते हैं।

'डीप स्टेट' ऐसे समूह को कहा जाता है जो गोपनीय तरीके से अपने विशेष हितों को पूरा करने, खासकर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों को अस्थिर करने के लिए काम करते हैं। नड्डा ने दावा किया कि राहुल गांधी ने जो कुछ भी किया या कहा है वह भारत को तोड़ने और हमारे समाज को विभाजित करने की दिशा में है। उन्होंने कांग्रेस सांसद पर पलटवार करते हुए बुधवार को कहा, "अब और कुछ छिपा नहीं है, कांग्रेस का घिनौना सच अब उनके अपने ही नेता द्वारा उजागर कर दिया गया है।"

उन्होंने कहा, "मैं राहुल गांधी को बधाई देता हूं कि उन्होंने साफ तौर पर वह कह दिया, जो देश जानता है- कि वह भारत के खिलाफ लड़ रहे हैं।" BJP अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का उन सभी ताकतों को प्रोत्साहित करने का इतिहास रहा है जो कमजोर भारत चाहते हैं। नड्डा ने कहा, "सत्ता के लालच का मतलब देश की अखंडता से समझौता करना और लोगों के भरोसे को धोखा देना है।" उन्होंने कहा कि भारत के लोग बुद्धिमान हैं। उन्होंने फैसला किया है कि वे राहुल गांधी और उनकी विचारधारा को हमेशा खारिज करेंगे।

ये भी पढ़ें- 'मोहन भागवत का भारत में घूमना-फिरना मुश्किल हो जाएगा', खड़गे ने RSS प्रमुख को क्यों दी चेतावनी?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।