अमेरिकी एयरपोर्ट पर राहुल गांधी को 2 घंटे करना पड़ा इंतजार, बोले- 'मैं अब आम आदमी हूं, सांसद नहीं'

जब राहुल गांधी इमिग्रेशन क्लीयरेंस के लिए लाइन में इंतजार कर रहे थे, तब उसी फ्लाइट में यात्रा करने वाले कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी क्लिक की। जब लोगों ने उनसे पूछा कि वह लाइन में क्यों खड़े हैं तो उन्होंने कहा, "मैं एक आम आदमी हूं। मुझे यह पसंद है। मैं अब कोई सांसद नहीं हूं।"

अपडेटेड May 31, 2023 पर 11:05 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
राहुल गांधी को इमिग्रेशन क्लीयरेंस के लिए एयरपोर्ट पर दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi in US) अमेरिका के तीन शहरों की यात्रा के लिए मंगलवार को सैन फ्रांसिस्को पहुंचे। इस दौरान वह भारतीय समुदाय के लोगों और अमेरिकी सांसदों से मुलाकात करेंगे। अमेरिकी एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा और संगठन के अन्य सदस्यों ने किया। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि इस दौरान राहुल गांधी को इमिग्रेशन क्लीयरेंस के लिए सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट पर दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इस दौरान जब राहुल गांधी इमिग्रेशन क्लीयरेंस के लिए लाइन में इंतजार कर रहे थे, तब उसी फ्लाइट में यात्रा करने वाले कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी क्लिक की। जब लोगों ने उनसे पूछा कि वह लाइन में क्यों खड़े हैं तो उन्होंने कहा, "मैं एक आम आदमी हूं। मुझे यह पसंद है। मैं अब कोई सांसद नहीं हूं।"

राहुल सैन फ्रांसिस्को में प्रतिष्ठित स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत करेंगे। इसके बाद वह वाशिंगटन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे और सांसदों तथा संस्थानों से जुड़े लोगों के साथ बैठक करेंगे।


अमेरिका की अपनी एक सप्ताह की यात्रा के दौरान 52 वर्षीय कांग्रेस नेता के भारतीय अमेरिकियों को संबोधित करने और वॉल स्ट्रीट के अधिकारियों तथा यूनिवर्सिटी के छात्रों के साथ बातचीत करने की भी संभावना है। वह चार जून को न्यूयॉर्क में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के साथ अपनी यात्रा समाप्त करने वाले हैं। बातचीत न्यूयॉर्क के जेविट्स सेंटर में होगी।

ये भी पढ़ें- Delhi Murder: ब्रेकअप के बाद साहिल ने 3 दिन पहले रची थी हत्या की साजिश, साक्षी ने अपने दोस्तों के सामने हत्यारें को लगाई थी फटकार

पित्रोदा ने पिछले सप्ताह कहा था कि राहुल गांधी की यात्रा का उद्देश्य ‘वास्तविक लोकतंत्र’ के साझा मूल्यों और दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है। राहुल गांधी को यात्रा के लिए रविवार को नया सामान्य पासपोर्ट जारी किया गया था।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने संसद सदस्य के रूप में उन्हें जारी राजनयिक पासपोर्ट को जमा करने के बाद सामान्य पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को गुजरात के सूरत की एक अदालत द्वारा आपराधिक मानहानि के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके पश्चात राहुल ने राजनयिक यात्रा पासपोर्ट लौटा दिए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।