Delhi Murder: ब्रेकअप के बाद साहिल ने 3 दिन पहले रची थी हत्या की साजिश, साक्षी ने अपने दोस्तों के सामने हत्यारें को लगाई थी फटकार

पुलिस के अनुसार, साहिल ने संभवत: लड़की पर हमला इसलिए किया क्योंकि उसने अपने पूर्व प्रेमी प्रवीण से मिलना शुरू कर दिया था। पुलिस ने कहा कि साहिल ने दावा किया है कि साक्षी प्रवीण के पास वापस जाने के लिए उत्सुक थी, क्योंकि उसके पास मोटरसाइकिल थी। शनिवार को साक्षी ने साहिल को उससे दूर रहने की चेतावनी दी, क्योंकि वह उसके साथ अपने रिश्ते को जारी नहीं रखना चाहती थी। उस वक्त वह अपनी दोस्त भावना और उसके प्रेमी झबरू के साथ थी। पुलिस ने बताया कि झबरू ने भी साक्षी के पास आने पर साहिल को पीटने की धमकी दी थी

अपडेटेड May 31, 2023 पर 10:23 AM
Delhi Murder: पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि साहिल लड़की हत्या की योजना तीन दिनों में बना रहा था।

Delhi Shahbad Dairy Murder Case: दिल्ली के शाहबाद डेरी हत्याकांड में आरोपी साहिल सरफराज (Sahil Sarfaraz) ने जिस चाकू से अपनी कथित 16 वर्षीय प्रेमिका साक्षी (Sakshi) की नृशंस हत्या की थी उसे उसने करीब 15 दिन पहले उत्तराखंड के हरिद्वार से खरीदा था। हत्या के बाद उसे रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास फेंक दिया था। साथ ही एक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि साहिल लड़की हत्या की योजना तीन दिनों में बना रहा था। अधिकारियों ने कहा कि यह विवाद "जुनून का अपराध" नहीं था, बल्कि एक पूर्व निर्धारित हत्या थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अभी तक हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद नहीं कर पाई है। हालांकि उन्होंने साहिल का फोन और खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं

पुलिस ने कहा कि आरोपी साहिल ने तीन दिन पहले हत्या की साजिश रची थी, जब साक्षी ने अपने दोस्तों के सामने उसे डांटा और उसके साथ रिश्ते सुधारने से इनकार कर दिया। प्राथमिकी में दर्ज कराए बयान में साक्षी के पिता ने कहा कि उनकी बेटी साहिल को जानती थी और वह अक्सर उसका नाम लेती थी।

20 वर्षीय साहिल ने साक्षी पर चाकू से 20 से ज्यादा वार किए और उसके बाद सीमेंट के स्लैब से भी उस पर कई बार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके शरीर पर चोट के 34 निशान थे और उसकी खोपड़ी फट गई थी। एक अधिकारी ने कहा कि साहिल ने स्वीकार किया है कि उसने हरिद्वार से चाकू खरीदा था, लेकिन जांचकर्ताओं को गुमराह करने के लिए बार-बार अपना बयान बदल रहा है।


पुलिस के अनुसार, चूंकि साहिल ने घटना से कुछ दिन पहले चाकू खरीदा था, इसलिए इस आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता कि वह पहले से ही उसे मारने की योजना बना रहा था। इसके बावजूद, उसने (साहिल ने) यह भी दावा किया कि उसने गुस्से में आकर लड़की को मार डाला क्योंकि वह उसकी अनदेखी कर रही थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया और अदालत के आदेश के बाद उसे दो दिन के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया गया।

ब्रेकअप से नाराज था साहिल

पुलिस के अनुसार, साहिल ने संभवत: लड़की पर हमला इसलिए किया क्योंकि उसने अपने पूर्व प्रेमी प्रवीण से मिलना शुरू कर दिया था। पुलिस ने कहा कि साहिल ने दावा किया है कि साक्षी प्रवीण के पास वापस जाने के लिए उत्सुक थी, क्योंकि उसके पास मोटरसाइकिल थी। शनिवार को साक्षी ने साहिल को उससे दूर रहने की चेतावनी दी, क्योंकि वह उसके साथ अपने रिश्ते को जारी नहीं रखना चाहती थी। उस वक्त वह अपनी दोस्त भावना और उसके प्रेमी झबरू के साथ थी। पुलिस ने बताया कि झबरू ने भी साक्षी के पास आने पर साहिल को पीटने की धमकी दी थी।

साक्षी ने आठ दिन पहले साहिल से अपनी दोस्ती खत्म कर दी थी। पुलिस ने यह भी कहा कि साहिल को धमकाने के लिए साक्षी ने अपनी दोस्त नीतू के पति के नाम का इस्तेमाल किया, जो इलाके का कुख्यात अपराधी है। पुलिस के मुताबिक, साक्षी और साहिल जून 2021 से साथ थे, लेकिन पिछले तीन-चार महीने से जैसे-जैसे साहिल उसके करीब आने की कोशिश करता, साक्षी उससे दूरियां बढ़ा रही थी।

शराब के नशे में की हत्या

पुलिस ने कहा कि साहिल ने रविवार दोपहर शराब पी और फिर साक्षी से झगड़ा किया, जो अपने दोस्त के बच्चे की बर्थडे पार्टी में जा रही थी। उसने साक्षी पर हमला कर उसकी जान ले ली। इसके बाद साहिल पास के एक पार्क में गया और कुछ देर वहां बैठा रहा। बाद में, वह रिठाला मेट्रो स्टेशन गया। उसने दावा किया कि कि उसने चाकू को वहीं झाड़ियों में फेंक दिया और आनंद विहार बस अड्डा चला गया, जहां से उसने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के लिए बस पकड़ी।

ये भी पढ़ें- 'आतंक मचाना जरूरी है भाई', हुक्का और शराब का शौकीन है साक्षी का हत्यारा साहिल, Instagram अकाउंट से हुए कई सनसनीखेज खुलासे

साहिल को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया, जब उसकी बुआ ने उसके पिता को फोन किया था। फोन से उसकी जानकारी मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई थी। वहां उसकी मेडिकल जांच के बाद सोमवार देर शाम उसे राष्ट्रीय राजधानी लाया गया। पुलिस के मुताबिक प्रवीण, जिसकी उम्र भी 20 साल के आसपास है, उत्तर प्रदेश के जौनपुर में है और उसे जांच में शामिल होने के लिए दिल्ली आने को कहा गया है।

25 मिनट बाद मिली हत्या की सूचना

पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना उसे करीब 25 मिनट बाद मिली। आसपास खड़े लोगों में से किसी ने भी पीसीआर कॉल नहीं की और एक पुलिस मुखबिर ने घटना की जानकारी दी। इसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस की एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस के विशेष आयुक्त संजय सिंह ने एक ट्वीट में लोगों से शांत रहने और ऐसी असाधारण स्थिति का सामना करने पर पुलिस को बुलाने का आग्रह किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।