Maharashtra: फ्लोर टेस्ट से पहले पहली अग्‍नि परीक्षा में एकनाथ शिंदे गुट पास, BJP नेता राहुल नार्वेकर चुने गए विधानसभा के नए स्पीकर

BJP उम्मीदवार राहुल नार्वेकर महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए है। उन्हें समर्थन में कुल 164 मिले और उनके खिलाफ 107 वोट पड़े। SP और AIMIM ने 'तटस्थ' स्टैंड लेते हुए मतदान नहीं किया

अपडेटेड Jul 03, 2022 पर 1:27 PM
विधानसभा में स्पीकर के चुनाव प्रक्रिया के दौरान एक-एक विधायकों से उसका मत पूछा गया

Maharashtra Speaker Election: महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना को बड़ा झटका लगा है। सोमवार को होने वाले फ्लोर टेस्ट से पहले विधानसभा स्पीकर के चुनाव में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट को बड़ी जीत हासिल हुई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता राहुल नार्वेकर (Rahul Narwekar) को रविवार को महाराष्ट्र विधानसभा का नया अध्यक्ष चुन लिया गया। वहीं, शिवसेना नेता और महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवार राजन साल्वी अध्यक्ष का चुनाव हार गए।

नार्वेकर को 164 मत मिले, जबकि उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना के प्रत्याशी राजन साल्वी (Rajan Salvi) को 107 वोट हासिल हुए। बहुमत के लिए उन्हें 144 वोटों की जरूरत थी। महाराष्ट्र विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र रविवार सुबह 11 बजे शुरू हुआ।

विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन वोटिंग के जरिए अध्यक्ष के लिए चुनाव हुआ। इस दौरान एक-एक विधायकों से उनका मत पूछा गया, जिसमें शिंदे गुट महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन पर भारी पड़ा। कांग्रेस नेता नाना पटोले के इस्तीफे के बाद फरवरी 2021 से ही महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष का पद खाली था।


ये भी पढ़ें- Coronavirus Updates: भारत में कोरोना का कहर! एक दिन में 16000 से ज्यादा नए केस दर्ज, 31 लोगों की मौत

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार को कल सोमवार को 288 सदस्यीय विधानसभा में विश्वास मत का सामना करना होगा। नार्वेकर एक समय शिवसेना में थे। शिवसेना द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए उनकी उम्मीदवारी खारिज करने के बाद वह 2014 में शरद पवार की पार्टी एनसीपी में शामिल हो गए थे। उन्होंने तब मावल निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ा था, इसके बाद वे बीजेपी में शामिल हो गए थे।

महाराष्ट्र विधानसभा में राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे की मान्यताओं के आधार पर बीजेपी-शिवसेना सरकार ने कार्यभार संभाला है। आज तक हमने देखा है कि लोग विपक्ष से सरकार में आते हैं लेकिन इस बार सरकार के नेता विपक्ष में आए। उन्होंने कहा कि मैं खुद मंत्री था, कई अन्य मंत्रियों ने भी सरकार छोड़ी। बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे की विचारधारा के प्रति समर्पित मेरे जैसे आम कार्यकर्ता के लिए यह बहुत बड़ी बात थी।

वहीं, इस दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन की यह सरकार महाराष्ट्र की सभी आकांक्षाओं को पूरा करने की कोशिश करेगी और हमें उम्मीद है कि आप (अध्यक्ष) इसके लिए सहयोग देंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।