Rajya Sabha Elections 2022: असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव के लिए आज हो रहे मतदान में कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने का निर्णय लिया है। औरंगाबाद से AIMIM के लोकसभा सदस्य इम्तियाज जलील ने सुबह 9 बजे मतदान शुरू होने से कुछ घंटे पहले यह घोषणा की। राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू हो चुकी है, जो शाम 4 हुई और यह शाम चार बजे तक चलेगी।
AIMIM की राज्य यूनिट के अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने शुक्रवार सुबह कहा कि पार्टी ने महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव में महा विकास आघाडी (MVA) उम्मीदवारों को वोट देने का फैसला किया है। जलील ने कहा कि यह निर्णय भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हराने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा कि हालांकि MVA सरकार में सहयोगी शिवसेना के साथ पार्टी के राजनीतिक और वैचारिक मतभेद जारी रहेंगे।
उन्होंने ट्वीट किया, “राज्यसभा सीट के लिए महाराष्ट्र से हमारे AIMIM के दो विधायकों को कांग्रेस के प्रत्याशी इमरान प्रतापगढ़ी को वोट देने के लिए कहा गया है। हम उन्हें अपनी शुभकामनाएं देते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए हमारी पार्टी AIMIM ने महा विकास आघाडी के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लिया है। शिवसेना के साथ हमारा राजनीतिक एवं वैचारिक विरोध जारी रहेगा।”
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "हमने धूलिया और मालेगांव में अपने विधायक निर्वाचन क्षेत्रों के विकास से संबंधित कुछ शर्तें रखीं। साथ ही सरकार से एमपीएससी में अल्पसंख्यक सदस्य नियुक्त करने और महाराष्ट्र वक्फ बोर्ड की आय बढ़ाने के लिए कदम उठाने की मांग की। साथ ही मुसलमानों के लिए आरक्षण की मांग की।"
महाराष्ट्र में क्या है चुनावी समीकरण?
महाराष्ट्र में 6 सीटों के लिए मतदान होना है। इस बार का राज्यसभा चुनाव काफी दिलचस्प होगा, क्योंकि 6 सीटों के लिए 7 उम्मीदवार मैदान में हैं। ऐसा दो दशक बाद हो रहा है जब राज्यसभा चुनाव में मतदान की स्थिति आई है। सत्तारूढ़ MVA के सहयोगियों- शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस ने अपने विधायकों को मुंबई के विभिन्न होटलों और रिसॉर्ट में रखा है।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे और बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए मुंबई में अपने-अपने दलों के नेताओं के साथ बातचीत की।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अनिल बोंडे, धनंजय महादिक (बीजेपी), प्रफुल्ल पटेल (एनसीपी), संजय राउत और संजय पवार (शिवसेना) और इमरान प्रतापगढ़ी (कांग्रेस) 6 सीटों के लिए चुनाव मैदान में हैं। छठी सीट पर मुकाबला महादिक और शिवसेना के पवार के बीच है।
शिवसेना के 55 विधायक, एनसीपी के 53, कांग्रेस के 44, बीजेपी के 106, बहुजन विकास आघाड़ी (बीवीए) के 3, समाजवादी पार्टी, AIMIM और प्रहार जनशक्ति पार्टी के दो-दो, मनसे, माकपा, पीडब्ल्यूपी, स्वाभिमानी पार्टी, राष्ट्रीय समाज पक्ष, जनसुराज्य शक्ति पार्टी, क्रांतिकारी शेतकारी पार्टी के एक-एक, और 13 निर्दलीय विधायक हैं।
MVA के सहयोगी और बीजेपी दोनों ही छोटी पार्टियों और निर्दलीय विधायकों के 25 अतिरिक्त वोटों पर भरोसा कर रहे हैं, ताकि उनके उम्मीदवार छठी सीट के लिए जीत हासिल कर सकें।