'भाई-बहन बोलकर लूट लिया': कांग्रेस का आरोप- BJP राज में महंगी हो गई मिठाई, जारी किया डेटा

Happy Raksha Bandhan 2024: कांग्रेस का दावा है कि मोदी सरकार में भारतीय मिठाइयों की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। मुख्य विपक्षी पार्टी का आरोप है कि गुलाब जामुन की कीमत कांग्रेस शासन के दौरान जहां 2013 में 160 रुपये प्रति किलोग्राम था। वहीं अब इसकी कीमतें बढ़कर बीजेपी राज में 300 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है

अपडेटेड Aug 19, 2024 पर 7:28 AM
Happy Raksha Bandhan 2024: बीजेपी की आर्थिक नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने अब मिठाई को नया हथियार बनाया है

Happy Raksha Bandhan 2024: बहन और भाई के अटूट विश्वास के प्रतीक महापर्व रक्षाबंधन से एक दिन पहले मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस (Congress) ने भारत में मिठाई की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया है। मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने अब मिठाई को नया हथियार बनाया है। कांग्रेस ने लगातार मिठाई की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी ने "भाईयों और बहनों बोलकर लोगों को लूट लिया।"

कांग्रेस ने एक चार्ट और इन्फोग्राफिक्स जारी की है। इसमें पिछले कुछ वर्षों में लोकप्रिय भारतीय मिठाइयों की कीमतों में भारी वृद्धि की ओर इशारा किया गया है। इन्फोग्राफिक्स से पता चलता है कि गुलाब जामुन की कीमत कांग्रेस शासन के दौरान 2013 में 160 रुपये प्रति किलोग्राम था। जो अब बढ़कर 2024 में बीजेपी राज में 300 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

इसी तरह, बर्फी की कीमत में 243 रुपये प्रति किलोग्राम से 600 रुपये प्रति किलोग्राम तक की भारी वृद्धि देखी गई है। इसके अलावा मोतीचूर के लड्डू की कीमत 250 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 630 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। सोन पापड़ी की कीमत भी 160 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 410 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।


कांग्रेस ने इस बात पर प्रकाश डाला कि बीजेपी शासन के दौरान जलेबी, गुलाब जामुन और रसगुल्ला जैसी पारंपरिक मिठाइयों की कीमत में भी औसतन 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एक अन्य इन्फोग्राफ में मिठाई (5%), गिफ्ट हैम्पर्स (12%-18%), लिफाफे (12%), जरी धागा (5%) और कॉटन धागा (5%) पर टैग्स दिखाया गया है।

उन्होंने लोकप्रिय भारतीय मिठाइयों पर जीएसटी को "कर बंधन" करार दिया, जो भाई-बहनों के बीच के बंधन को बनाए रखने वाले रक्षा बंधन पर व्यंग्य करता है और कल पूरे भारत में मनाया जाएगा। पार्टी ने तर्क दिया कि मिठाई की कीमतों में मौजूदा उछाल आम लोगों को प्रभावित करने वाली अधिक महत्वपूर्ण आर्थिक समस्याओं का संकेत है।

ये भी पढ़ें- Bank Holiday: राखी के बाद मंगलवार को भी बंद रहेंगे बैंक! जानें RBI ने क्यों दी है सभी बैंकों को छुट्टी

राष्ट्रपति मुर्मू ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार (18 अगस्त) को रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई की कि यह त्योहार समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच अनोखे बंधन का उत्सव है, जो प्रेम और आपसी विश्वास की भावना को मजबूत करता है। मुर्मू ने कहा, "यह त्योहार धार्मिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे हमारे देश की विविधता में एकता का प्रतीक है।"

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी संदेश में उन्होंने कहा, "यह त्योहार महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हमारे संकल्प को मजबूत करता है। यह त्योहार सद्भाव और प्रेम की भावना को बढ़ावा दे तथा समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान बढ़ाए।" बता दें कि रक्षाबंधन का महापर्व आज यानी सोमवार (19) को मनाया जा रहा है। इस दिन बहन अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।