Ram Mandir Inauguration: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) लोकसभा चुनाव से पहले अयोध्या (Ayodhya) में राम मंदिर (Ram Mandir) के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के जरिए ‘नौटंकी’ कर रही है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा, "मैं ऐसे उत्सव का समर्थन नहीं करती हूं, जिसमें दूसरे समुदायों को अलग रखा जाए।" दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि वह जनता को धार्मिक आधार पर बांटने में विश्वास नहीं रखतीं।
उन्होंने कहा, "मैं उन उत्सवों में विश्वास करती हूं, जो सभी समुदायों के लोगों को साथ लेकर चलते हैं और एकता की बात करते हैं। बीजेपी इसे (राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह) अदालत के निर्देश पर कर रही है, लेकिन नौटंकी के तौर पर यह लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) से पहले किया जा रहा है।"
बनर्जी ने कहा, "मैं लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने में विश्वास नहीं रखती।" उन्होंने आगे कहा, "मैं ईश्वर-अल्लाह की कसम खाकर कहती हूं कि जब तक मैं रहूंगी तब तक कभी हिंदू-मुसलमान में भेदभाव करने नहीं दूंगी। मैं लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने में विश्वास नहीं रखती।"
अयोध्या में राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और 6,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के भव्य 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह से पहले, केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना BJP अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने कहा कि देश भर में कोई भी बड़ा गांव नहीं बचेगा, जहां प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लाइव नहीं देखा जाएगा।
अयोध्या में राम लला (शिशु भगवान राम) के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए वैदिक अनुष्ठान मुख्य समारोह से एक हफ्ते पहले 16 जनवरी को शुरू होंगे। वाराणसी के एक पुजारी, लक्ष्मी कांत दीक्षित, 22 जनवरी को राम लला के समारोह का मुख्य अनुष्ठान करेंगे।
14 जनवरी से 22 जनवरी तक, अयोध्या में अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। इस बीच, इस साल लोकसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने फिलहाल चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की है।