दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) को जमानत मिल गई है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने AAP नेता सत्येंद्र जैन को मेडिकल आधार पर शर्तों के साथ 6 हफ्ते की अंतरिम जमानत दी है। वह बिना अनुमति के दिल्ली से बाहर नहीं जा सकते और मीडिया के सामने कोई बयान नहीं दे सकते। बता दें कि पिछले 1 साल से सत्येंद्र जैन दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं। एक दिन पहले गुरुवार को उन्हें तिहाड़ जेल के बाथरूम में गिरने के चलते सिर में चोट आई थी। फिलहाल, वह ICU में भर्ती हैं। अब 10 जुलाई को मामले में अगली सुनवाई होगी। मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में जैन को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 31 मई 2022 को गिरफ्तार किया था।
