ED दफ्तर पहुंचीं सोनिया गांधी! नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में होगी पूछताछ, कांग्रेस कर रही है देशव्यापी प्रदर्शन

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को ED द्वारा पूछताछ के लिए बुलाने पर संभावित विरोध प्रदर्शन और शहर से गुजरने वाले कांवरियों की संख्या में वृद्धि के कारण गुरुवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात बाधित हो सकता है

अपडेटेड Jul 21, 2022 पर 12:34 PM
Story continues below Advertisement
कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही सोनिया गांधी की पेशी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं

प्रवर्तन निदेशालय (ED) अखबार ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से पूछताछ कर रही है। सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में पेश होने के लिए ED दफ्तर पहुंच चुकी हैं। ईडी से पूछताछ के दौरान सोनिया गांधी के साथ उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहेंगी। मेडिकल कारणों से एजेंसी ने अनुमति दी है।

सोनिया के प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए उनकी पार्टी दिल्ली सहित देश भर में प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही सोनिया गांधी की पेशी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सोनिया गांधी की पेशी के मद्देनजर ही गुरुवार सुबह वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई, जिसमें आगे की रणनीति तय की गई। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता एवं सांसद दिल्ली में मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें- Presidential Election Results: द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा, कौन होगा देश का 15वां राष्ट्रपति? आज होगी मतगणना


सूत्रों का कहना है कि भारतीय युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘मोदी-शाह की जोड़ी द्वारा हमारे शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ जिस प्रकार से राजनीतिक प्रतिशोध जारी है, उसके विरुद्ध कांग्रेस पार्टी अपनी नेता सोनिया गांधी के साथ सामूहिक एकजुटता व्यक्त करते हुए कल देश भर में प्रदर्शन करेगी।’’

कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगाए गए बैरिकेड्स

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को ED द्वारा पूछताछ के लिए बुलाने पर संभावित विरोध प्रदर्शन और शहर से गुजरने वाले कांवरियों की संख्या में वृद्धि के कारण गुरुवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात बाधित हो सकता है। सोनिया गांधी से पूछताछ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय (AICC headquarters) और ईडी कार्यालय के पास सुरक्षा चाकचौबंद कर दी है। 24 अकबर रोड पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी के सांसद-विधायक विरोध करने के लिए इकट्ठा होंगे।

इन रास्तों पर जाने से बचें

किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से सुबह 9 से दोपहर 2 बजे के बीच जाने से बचने के लिए कहा है।

दिल्ली पुलिस ने ईडी मुख्यालय के आसपास की सड़कों को अर्धसैनिक बलों द्वारा किले में तब्दील कर दिया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के संभावित विरोध को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लुटियंस दिल्ली में ट्रैफिक में काफी बदलाव किए गए हैं, जिससे औरंगजेब मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, जनपथ मार्ग और अकबर रोड से गुजरने वाले लोगों को अपना रूट बदलना होगा।

क्या है सोनिया गांधी का मामला?

ED द्वारा पहले 75 वर्षीय सोनिया गांधी को 23 जून के लिए दूसरा समन जारी किया गया था। हालांकि, वह उस तारीख पर पेश नहीं हो सकीं, क्योंकि कोविड​​-19 और फेफड़ों में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी थी। कांग्रेस अध्यक्ष को पूर्व में 8 जून को पेशी के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें 23 जून के लिए समन जारी किया गया था।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने सोनिया गांधी के बेटे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी इस मामले में पांच दिनों तक कई सत्र में 50 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। यह जांच कांग्रेस द्वारा प्रवर्तित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है, जो नेशनल हेराल्ड अखबार का मालिक है।

सोनिया और राहुल से पूछताछ की कार्रवाई पिछले साल के अंत में ईडी द्वारा प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की आपराधिक धाराओं के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद शुरू की गई। इससे पहले, एक निचली अदालत ने 2013 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी द्वारा दायर एक निजी आपराधिक शिकायत के आधार पर यंग इंडियन के खिलाफ आयकर विभाग की जांच का संज्ञान लिया था।

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Jul 21, 2022 10:58 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।