देश को आज यानी गुरुवार को पता चल जाएगा कि भारत का 15वां राष्ट्रपति कौन होगा। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को मतदान हुआ था और गुरुवार सुबह 11 बजे संसद भवन में मतगणना जारी है। नए राष्ट्रपति के लिए पहले राउंड की काउंटिंग में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को काफी पीछे छोड़ दिया है। पहले राउंड की मतगणना में मुर्मू को 748 में से 540 वोट मिले। जबकि यशवंत सिन्हा को 208 मत मिले।
सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) जबकि विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) उम्मीदवार हैं। राज्य सभा के महासचिव पीसी मोदी ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के महत्व के साथ 540 वोट हासिल किए हैं और यशवंत सिन्हा ने 1,45,600 के महत्व के साथ 208 वोट हासिल किए हैं। कुल 15 वोट अवैध थे। ये संसद (वोट) के आंकड़े हैं। अब 10 राज्यों के वोटों की गिनती के बाद फिर से जानकारी साझा करेंगे।
मुर्मू की जीत की काफी संभावना जताई जा रही है। अभी तक के रुझानों में मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनती दिख रही हैं। बता दें कि यदि वह जीत हासिल करती हैं, तो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी। देश के वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद भवन समेत 31 स्थानों और विधानसभाओं के भीतर 30 केंद्रों पर सोमवार 18 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच मतदान हुआ था। कई राज्यों में मुर्मू के पक्ष में 'क्रॉस वोटिंग' होने की खबरें भी आई थीं। राष्ट्रपति चुनाव में सदस्यों को व्हिप जारी नहीं किया जाता।
मनोनीत सांसदों को छोड़कर संसद के दोनों सदनों लोकसभा एवं राज्यसभा के सदस्य और सभी राज्यों की विधानसभा के सदस्य राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करते हैं। राष्ट्रपति चुनाव में 776 सांसदों और 4,033 निर्वाचित विधायकों समेत कुल 4,809 मतदाता मतदान के पात्र थे। इसमें मनोनीत सांसद व विधायक और विधान परिषद के सदस्य मतदान नहीं कर सकते।
इन सांसदों ने नहीं डाला वोट
निर्वाचन आयोग के अनुसार, सोमवार को हुए मतदान के दौरान 99 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपना वोट डाला। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद सनी देओल और संजय धोत्रे समेत आठ सांसद मतदान नहीं कर पाए। देओल मतदान के दौरान इलाज के लिए विदेश गए हुए हैं जबकि धोत्रे आईसीयू में भर्ती हैं।
सोमवार को बीजेपी और शिवसेना के दो-दो, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एआईएमआईएम के एक-एक विधायक ने मतदान नहीं किया। कोविंद ने वर्ष 2017 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में कुल 10,69,358 में से 7,02,044 वोट पाकर जीत हासिल की थी। उनकी प्रतिद्वंद्वी मीरा कुमार को केवल 3,67,314 वोट मिले थे।