Himachal CM: सुखविंदर सिंह सुखु होंगे हिमाचल प्रदेश के नए CM, मुकेश अग्निहोत्री बनेंगे डिप्टी सीएम, कांग्रेस अलाकमान ने लिया फैसला

सुखविंदर सिंह सुखु को कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बना सकती हैं। सुखु तीन बार के विधायक और राज्य में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस आलाकमान ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है और इसके साथ हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह CM पद की रेस से बाहर हो गई हैं

अपडेटेड Dec 10, 2022 पर 9:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सुखविंदर सिंह सुखु हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की चुनाव समिति के अध्यक्ष थे

सुखविंदर सिंह सुखु (Sukhwinder Singh Sukhu) हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के अगले मुख्यमंत्री (CM) होंगे। वहीं मुकेश अग्निहोत्री उप-मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस विधायक दल की शनिवार को शिमला में बुलाई गई बैठक दौरान पार्टी आलाकमान के इस फैसले का ऐलान किया गया। सुखु तीन बार के विधायक और राज्य में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है। वहीं मुकेश अग्निहोत्री, बीजेपी सरकार के दौरान विधानसभा में विपक्ष के नेता थे। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी CM पद की रेस में थी, लेकिन आखिर मिनटों में वह इससे बाहर हो गईं। कांग्रेस ने दो दिन पहले ही हिमाचल विधानसभा में 40 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत हासिल किया था

प्रतिभा सिंह इसलिए रेस से हो गईं बाहर

सूत्रों ने बताया कि 58 वर्षीय सुखविंदर सिंह सुखु का मुख्यमंत्री पद के लिए रास्ता तब साफ हुआ जब प्रतिभा सिंह दौड़ से बाहर हो गईं। इससे एक दिन पहले प्रतिभा सिंह के समर्थक शिमला में हिमाचल कांग्रेस मुख्यालय के बाहर इकठ्ठा हुए थे और उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग को लेकर नारेबाजी की थी। ऐसा लगता है कि पार्टी नेतृत्व को यह बात पसंद नहीं है। प्रतिभा सिंह, कांग्रेस के दिवंगत दिग्ग्ज नेता और हिमाचल के कई बार के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं।

प्रतिभा सिंह ने खुद पेश की थी अपनी दावेदारी


प्रतिभा सिंह ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा था कि यह हिमाचल प्रदेश विधानसभा का यह चुनाव उनके दिवंगत पति वीरभ्रद सिंह के नाम और उनके कार्यों पर लड़ा और जीता गया है। ऐसे में जीत के बाद उनके परिवार को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- Multi bagger stocks:तीन साल में दिया 8389.74% रिटर्न, आशीष कचोलिया ने भी की खरीदारी, क्या है आपके पास?

प्रतिभा सिंह, हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट से सांसद हैं और वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ी थीं। हालांकि उनके बेटे, विक्रमादित्य सिंह, शिमला ग्रामीण सीट से विधायक चुने गए हैं।

कांग्रेस की चुनाव समिति के अध्यक्ष ने सुखविंदर सिंह सुखु

सुखविंदर सिंह सुखु इस चुनाव में कांग्रेस की चुनाव समिति के अध्यक्ष थे और वह पूर्व में हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे हैं। 68 विधानसभा सीटों वाले हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को 40 सीटों पर जीत मिली है। वहीं सत्ताधारी पार्टी बीजेपी सिर्फ 25 सीटों पर सिमट गई। 3 सीटें निर्दलियों ने जीती है।

CM पद को लेकर खींचतान की थी खबरें

चुनाव नतीजों के बाद सीएम पद को लेकर अंदरूनी खींचतान को लेकर मीडिया में खबरें आई थीं। बाद में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया कि मुख्यमंत्री पद का फैसला आलाकमान लेगा। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सुखु के अलावा, मुकेश अग्निहोत्री और राजिंदर राणा का नाम भी मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल था।

इससे पहले सुखु ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि "वह मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं है, बल्कि वह कांग्रेस पार्टी के एक अनुशासित कार्यकर्ता और विधायक है। पार्टी हाईकमान का जो भी फैसला होगा, वह उन्हें मंजूर होगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।