Tej Pratap Yadav Net Worth: उत्तर प्रदेश की करहल विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (SP) के प्रत्याशी तेज प्रताप यादव ने सोमवार (21 अक्टूबर) नामांकन दाखिल कर दिया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मैनपुरी से पार्टी की सांसद डिंपल यादव तथा अन्य नेताओं के साथ जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे तेज प्रताप यादव ने निर्वाचन अधिकारी को अपना नामांकन पत्र सौंपा। करहल सीट, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कन्नौज से सांसद चुने जाने के बाद उनके विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने के कारण खाली हो गई है। इस पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा।
मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से कहा, "करहल के लोगों से उनका गहरा रिश्ता है और वे उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे। जनता ने मन बना लिया है और इस सीट से समाजवादी पार्टी भारी मतों से जीतेगी।"
करहल इटावा जिले में अखिलेश के पैतृक गांव सैफई से महज चार किलोमीटर दूर है। यह निर्वाचन क्षेत्र डिंपल यादव की मैनपुरी लोकसभा सीट का हिस्सा है। करहल सीट 1993 से सपा का गढ़ रही है। साल 2002 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सोबरन सिंह यादव ने जीत दर्ज की थी, लेकिन बाद में वह सपा में शामिल हो गए।
कितनी संपत्ति के मालिक हैं सपा नेता?
नामांकन के दौरान तेज प्रताप यादन ने अपनी संपत्ति की जानकारी दी। दैनिक जागरण के मुताबिक, सपा उम्मीदवार 5.03 करोड़ रुपये की चल और 5.24 करोड़ रुपये कीमत की अचल संपत्ति के मालिक हैं। तेज प्रताप सिंह के पास एक केयर जीप और एक Kia कार है। 36 वर्षीय सपा नेता पर कुछ लोन भी है। उनके पास राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में एक फ्लैट के साथ सैफई में करोड़ों रुपये की जमीन है। उन्होंने नामांकन के साथ लगाए शपथपत्र में अपनी आय का श्रोत कृषि और व्यापार बताया है।
अन्य संपत्ति की बात करें तो नामांकन के साथ दिए शपथपत्र में तेज प्रताप सिंह ने बताया कि उनके पास करीब 1.20 करोड़ रुपये मूल्य का दो किलो से अधिक सोना या जेवरात मौजूद हैं। साथ ही पांच लाख की कैश रखने वाले सपा प्रत्याशी के दिल्ली, इटावा, मैनपुरी और सैफई की कई बैंकों में अकाउंट हैं। शेयर बाजार में भी उन्होंने कुछ निवेश किया हुआ है। तेज प्रताप सिंह ने खुद को MBA शिक्षित बताया है। उनपर कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।