महाराष्ट्र: BMC चुनावों से पहले उद्धव ठाकरे ने प्रकाश अंबेडकर की VBA के साथ गठबंधन का किया ऐलान

BMC Election 2023: मुंबई निकाय चुनावों की हालांकि तारीखों की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन इस कदम को इस संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं

अपडेटेड Jan 23, 2023 पर 4:28 PM
उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना ने आगामी BMC चुनाव से पहले वंचित बहुजन अघाड़ी से हाथ मिलाया है

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के महीनों बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने सोमवार को बीएमसी चुनाव (BMC Election 2023) से पहले बी.आर. अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर (Prakash Ambedkar) के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन की घोषणा की। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने एक प्रेस कॉन्फेंस को संबोधित करते हुए कहा, "हम संविधान को अक्षुण्ण रखने के लिए एक साथ आए हैं।" उन्होंने प्रकाश अंबेडकर के साथ ज्वाइंट प्रेस कॉन्फेंस को संबोधित किया।

आगामी बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों से पहले शिवसेना ने प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी के साथ हाथ मिलाया है। हालांकि, मुंबई निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन इस कदम को इस संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को सबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि डॉ. बीआर अंबेडकर और बालासाहेब ठाकरे दोनों की समाज की बुराइयों पर हमला करने की विरासत है। अनावश्यक अराजकता और समस्याओं से आम लोगों का मोहभंग हो रहा है, जो कि निरंकुशता का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमने बुरे दौर के खिलाफ खड़े होने के लिए एक कदम उठाया है।


उद्धव ठाकरे ने कहा कि अभी तक मुंबई बीएमसी के चुनाव की कोई घोषणा नहीं हुई है। मैं देशद्रोहियों (शिंदे गुट) को चुनाव कराने की चुनौती देना चाहता हूं। अगर उनमें (शिवसेना शिंदे गुट और बीजेपी में) दम है तो उन्हें चुनाव की घोषणा करनी चाहिए।

वहीं, महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन के बारे में बात करते हुए प्रकाश अंबेडकर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस और NCP भी उनकी VBA पार्टी को सहयोगी के रूप में भी स्वीकार करेंगे। अंबेडकर ने ED जैसी केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग को लेकर भी बीजेपी सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दलों का समर्थन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- पढ़ेगा इंडिया तभी तो बढ़ेगा इंडिया! महाराष्ट्र के इस गांव में सिर्फ एक छात्र के लिए चलता है स्कूल, एक ही शिक्षक कराते हैं पढ़ाई

प्रकाश अंबेडकर ने कहा कि इस कदम से राजनीतिक समीकरण बदलेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण सामने आए हैं जहां कुछ पार्टियों ने अपने सहयोगियों को कम करने और खत्म करने की कोशिश की, लेकिन राजनीतिक दल की जीत का फैसला करना लोगों पर निर्भर है। हमारे देश की इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कोई नहीं बदल सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।