UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में मतगणना शुरू होने से पहले तक अखिलेश यादव की अगुआई वाली समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अलर्ट मोड में रहे। प्रयागराज की मुंडेरा मंडी में एक कथित रूप से पुरानी वीवीपीएटी पर्चियां (VVPAT slips) मिलने पर सपा कार्यकर्ताओं ने खासा हंगामा किया। वहीं कौशांबी में सपा कार्यकर्ताओं ने एक मतगणना केंद्र में प्रवेश कर रही जिला निर्वाचन अधिकारी (district election officer) की कार को रोककर तलाशी ली।
प्रयागराज के डीएम संजय कुमार खत्री ने हंगामा कर रहे सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे वीवीपीएटी पर्चियां एक “टेस्टिंग” बैच का हिस्सा हैं जिन्हें चुनावों में इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने किसी तरह समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
सपा का जिला प्रशासन पर गड़बड़ी का आरोप
सपा की एक महिला कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि प्रयागराज में मुंडेरा मंडी स्थित स्ट्रांग रूम में यह बॉक्स चुनाव अधिकारी के पास से मिला। जब उसको खोला गया तो उसमें पोस्टल बैलेट की पर्चियां थीं। सपा नेत्री ने दावा किया कि पकड़े जाने पर अधिकारी भाग गया, मगर यह बॉक्स छोड़ गया।
इस घटना की खबर फैलते ही सपा कार्यकर्ताओं का हुजूम मुंडेरा मंडी पर पहुंच गया। उन्होंने जिला प्रशासन पर भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।