Get App

UP Election: उत्तर प्रदेश में कल होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले राज्य की सभी सीमाएं सील, 50,000 सुरक्षाकर्मी तैनात, पढ़िए सभी अपडेट

पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र के 11 जिलों की 58 सीटों पर गुरुवार सुबह 7 से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 50,000 अर्धसैनिक बलों के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है

MoneyControl Newsअपडेटेड Feb 09, 2022 पर 3:09 PM
UP Election: उत्तर प्रदेश में कल होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले राज्य की सभी सीमाएं सील, 50,000 सुरक्षाकर्मी तैनात, पढ़िए सभी अपडेट
पहले चरण के चुनाव में कुल 623 उम्मीदवार मैदान में हैं और इस चरण में 2.27 करोड़ मतदाता हैं

UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत कल यानी गुरुवार को राज्य के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में जिन जिलों में मतदान होगा वे सभी प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र के हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक होगा। निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक पहले चरण के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस चरण में शामली, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार का काम मंगलवार शाम पांच बजे बंद हो गया। पहले चरण के चुनाव में कुल 623 उम्मीदवार मैदान में हैं और इस चरण में 2.27 करोड़ मतदाता हैं।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 50,000 सुरक्षाकर्मी तैनात

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार शाम को समाप्त होने के साथ ही राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 412 कंपनियों के लगभग 50,000 अर्धसैनिक बलों के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। पुलिस ने राज्य की सभी सीमाओं को सील कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि 58 विधानसभा क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है, जहां कल मतदान होगा।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें