UP Assembly Elections 2022: उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार अब आखिरी दौर में पहुंच चुका है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी पूरे चरम पर है। ऐसे में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी का दावा है कि वो इस बार 300 से ज्यादा सीटों के साथ राज्य में दोबारा सत्ता पर काबिज होगी। Network18 के एमडी और ग्रुप एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी के साथ खास बातचीत में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दो टूक कहा, "चाहे सीटें कितनी भी आएं, यूपी में योगी आदित्यनाथ ही सीएम बनेंगे।"
ग्रुप एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी ने पूछा कि योगी आदित्यनाथ यूपी में बीजेपी का चेहरा हैं, चुनाव में सीटें कितनी भी आएं क्या मुख्यमंत्री वही बनेंगे? गृह मंत्री ने इसके जवाब में कहा, "हम योगी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ रहे हैं. इसलिए हर हाल में वही मुख्यमंत्री बनेंगे। चाहे हमारी कितनी भी सीटें क्यों न आएं।"
उन्होंने आगे कहा, "CM योगी ने शानदार काम किया है. हम योगी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ रहे हैं।"
'पहले एक धर्म विशेष के लोगों को दी जाती थी छूट'
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था का मुद्दा सबसे बड़ा है। उन्होंने कहा, "पहले हर जिले में माफिया होते थे। आज ये सभी जेल में हैं। यूपी की जनता इसकी सराहना कर रही है। आज आजम, मुख्तार, अतीक जैसे लोग जेल में बंद हैं। पहले ये सोचना असंभव था।"
उन्होंने आगे कहा, "2000 करोड़ की सरकारी संपत्ति पर इन माफियाओं ने कब्जा जमा लिया था। एक धर्म विशेष के लोगों को छूट दी जाती थी। जनता को न्याय मिलने की उम्मीद खत्म हो गई थी. आज जनता को परेशान करने वाले जेल में हैं। आज लड़कियां रात में अकेले चल सकती हैं।"
लोगों का दिल जीतने में कामयाब रही बीजेपी- अमित शाह
इंटरव्यू में, अमित शाह ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के लिए समर्थन दिसंबर 2013 के मुकाबले में बहुत ज्यादा है। यूपी में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में, BJP लोगों का दिल जीतने में सफल रही है।
शाह ने इंटरव्यू में कहा, "तीन चरण बीत चुके हैं, बाकी बचे हैं। मैंने यूपी के हर जिले में जन विश्वास यात्राएं और विजय संकल्प यात्राएं की हैं। मैंने राज्य के हर जिले में रैलियां की हैं। उत्तर प्रदेश में बीजेपी पूर्ण बहुमत से जीतेगी। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी लोगों का दिल जीतने में कामयाब रही है।"