UP Loksabha Chunav: कैसरगंज में बृजभूषण सिंह ने झोंकी ताकत, BJP ने अब तक नहीं उतारा उम्मीदवार, क्या कोर्ट के आदेश का है इंतजार?

UP Loksabha Chunav 2024: बृजभूषण सिंह की और से पिछले तीन दिनों में कई सार्वजनिक बैठकें और रोड शो करके एक संदेश भी दिया जा रहा है। पिछले हफ्ते, दिल्ली की एक अदालत ने सिंह के खिलाफ आरोप तय करने पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। वो भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व प्रमुख भी हैं

अपडेटेड Apr 11, 2024 पर 5:48 PM
UP Loksabha Chunav: कैसरगंज में बृज भूषण सिंह ने झोंकी ताकत

UP Loksabha Chunav 2024: उत्तर प्रदेश की कैसरगंज लोकसभा सीट (Kaiserganj Loksabha Seat) को BJP ने अभी भले ही होल्ड पर डाला हो, लेकिन मौजूदा सांसद बृजभूषण सिंह (Brij Bhushan Singh) ने पिछले तीन दिनों में अपनी इस सीट पर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। इसके जरिए वो न सिर्फ अपना 'शक्ति प्रदर्शन' कर रहे हैं, बल्कि ये मैसेज भी दे रहे हैं कि पार्टी को उन पर भरोसा और फिर से उन्हें ही टिकट मिल रहा है। महिला पहलवानों के तरफ से यौन शोषण के आरोपों का सामना करते हुए सिंह ने पीछे हटने से इनकार कर दिया है। हालांकि, इस मुद्दे पर BJP जरूर बैकफुट पर थी।

8 अप्रैल से, उन्होंने कैसरगंज में एक विशाल रोड शो के साथ अपना अभियान शुरू किया, जिसमें कई जगहों पर लोगों ने उनका स्वागत किया। बृजभूषण ने इस "जनसंपर्क" को 9 और 10 अप्रैल को भी जारी रखा है।

बृजभूषण को टिकट मिलने का पूरा भरोसा


इस दौरान उन्होंने कैसरगंज लोकसभा सीट के तहत आने वाली अलग-अलग विधानसभा सीटों का दौरा किया और लोगों से 2024 में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के "अबकी बार, 400 पार" के नारे को पूरा करने के लिए कहा।

News18 के मुताबिक, सिंह के एक करीबी सूत्र ने कहा कि उन्हें टिकट मिलने का पूरा भरोसा है और उन्होंने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है, क्योंकि मतदान की तारीख 20 मई है।

बृजभूषण की तरफ से पिछले तीन दिनों में कई सार्वजनिक बैठकें और रोड शो करके एक संदेश भी दिया जा रहा है।

लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के पांचवें चरण में कैसरगंज में मतदान होगा और नामांकन 26 अप्रैल से शुरू होगा। हालांकि, BJP ने अभी तक कैसरगंज से अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। इस सीट पर 2009 से लगातार तीन बार बृजभूषण ही जीतते आए हैं।

BJP मुझसे प्यार करती है: बृजभूषण सिंह

अपने हालिया बयान में, बृजभूषण सिंह (Brij Bhushan Singh) ने कहा था कि वह जानते हैं कि उनकी पार्टी उनसे "प्यार" करती है, लेकिन इंतजार जारी है, क्योंकि पार्टी कैसरगंज पर अपने अगले कदम की गणना कर रही है।

सूत्रों का कहना है कि BJP महिला पहलवानों के मामले में बृजभूषण सिंह के खिलाफ मामले में अदालत के फैसले का इंतजार कर रही है। पिछले हफ्ते, दिल्ली की एक अदालत ने सिंह के खिलाफ आरोप तय करने पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। वो भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व प्रमुख भी हैं।

BJP और बृजभूषण दोनों को इंतजार

पुलिस ने पिछले साल छह बार सांसद रहे, बृजभूषण सिंह के खिलाफ मामले में धारा 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल), 354-A (यौन उत्पीड़न), 354-D (पीछा करना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत चार्जशीट भी दायर की थी।

अब ऐसे में सवाल ये उठता है कि अगर बीजेपी ने बृजभूषण शरण सिंह को टिकट नहीं दिया, तो क्या कैसरगंज से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे? इस सीट पर दांव बहुत बड़ा है, क्योंकि BJP और बृजभूषण दोनों ही इंतजार कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।