UP MLC Election Result: विधानसभा चुनावों के बाद विधान परिषद चुनाव में भी BJP की प्रचंड जीत, वाराणसी में करना पड़ा हार का सामना

UP MLC Election Result: बाराबंकी (Barabanki) और अयोध्या (Ayodhya) को जीतकर, पार्टी अब कई दूसरे स्थानों पर आगे चल रही है

अपडेटेड Apr 12, 2022 पर 3:01 PM
Story continues below Advertisement
विधानसभा चुनावों के बाद विधान परिषद चुनाव में भी BJP की प्रचंड जीत (FILE PHOTO)

UP MLC Elections 2022 Result: राज्य विधानसभा चुनावों (UP Assembly Elections 2022) में अपनी रिकॉर्ड जीत के कुछ हफ्तों बाद, सत्तारूढ़ बीजेपी (BJP) उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनावों में भी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। बाराबंकी (Barabanki) और अयोध्या (Ayodhya) को जीतकर, पार्टी अब कई दूसरे स्थानों पर आगे चल रही है। हालांकि, बीजेपी वाराणसी (Varanasi) में एक निर्दलीय उम्मीदवार से हार गई है।

उत्तर प्रदेश में उच्च सदन की 36 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव (Biennial elections) हुए। नौ सीटों पर बीजेपी उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की थी, जबकि बाकी 27 सीटों पर नौ अप्रैल को मतदान हुआ था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कि कहा कि उत्तर प्रदेश के उच्च सदन के लिए नवनिर्वाचित सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।


सीएम योगी ने कहा, "आज उत्तर प्रदेश के स्थानीय प्राधिकारी विधान परिषद चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत ने फिर से साफ कर दिया है कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में प्रदेश की जनता राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के साथ है।"

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र में, भाजपा के सुदामा पटेल सिर्फ 170 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल ने राज शर्मा ने कहा कि निर्दलीय उम्मीदवार अन्नपूर्णा सिंह ने 4,234 वोटों के साथ शानदार जीत हासिल की, इसके बाद समाजवादी पार्टी के उमेश यादव रहे, जिन्हें 345 वोट मिले।

जिलों से आने वाले नतीजों की बात करें तो, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पोते और बीजेपी के रविशंकर सिंह पप्पू ने बलिया सीट से सपा के अरविंद गिरी को 1,981 मतों से हराया।

Himachal Pradesh: बड़े नेताओं के BJP में जाने से हरकत में आई AAP, भंग की हिमाचल की प्रदेश इकाई

बाराबंकी में भाजपा के अंगद सिंह ने सपा के राजेश कुमार यादव को 1,745 वोटों से हराया। सीतापुर में भगवा पार्टी के पवन कुमार सिंह ने समाजवादी पार्टी (SP) के अरुणेश यादव को 3,692 वोटों से हराया, जबकि बस्ती में बीजेपी नेता सुभाष यदुवंश ने सपा के संतोष यादव को 4,294 मतों से हराया।

अयोध्या में फैजाबाद-अंबेडकरनगर सीट पर बीजेपी के हरिओम पांडे ने सपा के हीरालाल यादव को 1,680 वोटों से हराया।

इन जिलों में आगे चल रही बीजेपी

कई अलग-अलग जिलों से आ रही रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि बीजेपी मुरादाबाद-बिजनौर, लखनऊ-उन्नाव और रायबरेली में आगे चल रही है, जहां मतगणना जारी है।

गोरखपुर-महाराजगंज सीट की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि बीजेपी के सीपी चंद को 4,839 वोट मिले, जबकि सपा के रजनीश यादव को 407 वोट मिले। अभी तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 95 उम्मीदवार मैदान में थे और 739 केंद्रों पर मतदान हुआ था। 1,20,657 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र थे।

प्रदेश की 100 सदस्यीय विधान परिषद में इस समय भाजपा के 35, जबकि सपा के 17, बसपा के चार और कांग्रेस, अपना दल व निषाद पार्टी के एक-एक सदस्य हैं। वहीं, शिक्षक दल के दो, जबकि एक निर्दलीय सदस्य भी विधान परिषद में मौजूद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।