सावरकर का सम्मान करें, मैं राहुल गांधी के बयान का समर्थन नहीं करता: उद्धव ठाकरे

Savarkar: शिवसेना प्रमुख ने कहा कि राहुल गांधी ने वीर सावरकर के बारे में जो कहा उससे हम सहमत नहीं हैं। हम सावरकर का बहुत सम्मान करते हैं

अपडेटेड Nov 17, 2022 पर 2:53 PM
Savarkar: राहुल गांधी ने अपनी पदयात्रा के दौरान आयोजित एक रैली में स्वतंत्रता सेनानी सावरकर पर निशाना साधा था

'भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra)' के दौरान राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर (VD Savarkar) की आलोचना करने के दो दिन बाद, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने गुरुवार को कहा कि वह कांग्रेस नेता की टिप्पणी का समर्थन नहीं करते हैं। ठाकरे ने कहा कि वह सावरकर का बहुत सम्मान करते हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि हमारे मन में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के लिए बहुत सम्मान और विश्वास है। इसे मिटाया नहीं जा सकता। हालांकि, ठाकरे ने कहा कि शिवसेना राहुल गांधी की यात्रा का समर्थन करती है।

राहुल गांधी ने अपनी पदयात्रा के दौरान मंगलवार को वाशिम जिले में आयोजित एक रैली में स्वतंत्रता सेनानी सावरकर पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, ‘‘BJP-RSS के प्रतीक सावरकर हैं। वह दो-तीन साल तक अंडमान में जेल में रहे। उन्होंने दया याचिकाएं लिखनी शुरू कर दीं।’’

"हम सावरकर का बहुत सम्मान करते हैं"


इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, शिवसेना प्रमुख ने कहा, "राहुल गांधी ने वीर सावरकर के बारे में जो कहा उससे हम सहमत नहीं हैं। हम सावरकर का बहुत सम्मान करते हैं। लेकिन स्वतंत्रता सेनानियों और सावरकर पर हमसे सवाल करने से पहले आपको (BJP) हमें पहले यह बताना चाहिए कि स्वतंत्रता संग्राम में RSS की भूमिका और योगदान क्या था? आजादी की लड़ाई के वक्त हम नहीं थे, लेकिन RSS था। आजादी की लड़ाई में इस संगठन की कोई भूमिका नहीं थी।"

ये भी पढ़ें- Dog Attacks: गुरुग्राम में कुत्तों की इन 11 नस्लों पर लगा बैन, 'पिटबुल' के हमले में घायल हुई महिला को मिलेगा 2 लाख का मुआवजा

ठाकरे ने आगे पूछा, "प्रधानमंत्री के पास 'भारत रत्न' देने का पूरा अधिकार है, जब आप सावरकर के बारे में इतना बोलते हैं, तो आपने अभी तक उनको भारत रत्न क्यों नहीं दिया?”

राहुल गांधी ने सावरकर पर फिर साधा निशाना

राहुल गांधी ने गुरुवार को भी एक लेटर दिखाते हुए सावरकर की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब सावरकर जी ने इस कागज पर हस्ताक्षर किया तो उसका कारण डर था अगर वो डरते नहीं तो वो कभी हस्ताक्षर नहीं करते। जब उन्होंने हस्ताक्षर किया तब उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार पटेल आदि नेताओं को धोखा दिया।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि वीर सावरकर ने अंग्रेजों को लिखे एक पत्र में कहा, "सर, मैं आपके सबसे आज्ञाकारी सेवक बने रहने की याचना करता हूं" और उन्होंने पत्र पर हस्ताक्षर किए। सावरकर जी ने अंग्रेज़ों की मदद की थी। उद्धव ठाकरे और उनके परिवार के साथ अन्य पार्टी नेताओं ने गुरुवार मुंबई के दादर में स्थित शिवाजी पार्क में बालासाहेब ठाकरे को उनकी 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी।

सीएम एकनाथ शिंदे ने भी किया पलटवार

वहीं, दूसरी तरफ सावरकर पर टिप्पणियों के लिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि राज्य के लोग हिंदुत्व विचारक के किसी भी अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का जिक्र करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में श्रद्धेय स्वतंत्रता सेनानी का अपमान किया गया जबकि ऐसे भी लोग हैं जिन्होंने इस मुद्दे पर नरम रुख अपनाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।