Election Results 2023: नागालैंड विधानसभ चुनाव (Nagaland Election Results 2023) में आज एक इतिहास रचा गया है। नागालैंड विधानसभा के लिए निर्वाचित होने वाली हेखानी जखालू (Hekani Jakhalu) पहली महिला विधायक बनकर गुरुवार को इतिहास रच दिया। चुनाव आयोग ने बताया कि दीमापुर-तृतीय निर्वाचन क्षेत्र से सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) की उम्मीदवार जखालू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अजेतो जिमोमी को 1,536 मतों के अंतर से हराया।
इस बार नागालैंड विधानसभा चुनाव में चार महिला उम्मीदवारों- हेखानी जखालू, सलहूतु क्रुसे, हुकली सेमा और रोजी थॉम्पसन ने चुनाव लड़ा है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार एनडीपीपी की सलहूतु क्रूसे पश्चिमी अंगामी सीट से आगे हैं। इसके अलावा बीजेपी की हुकली सेमा भी अतोइजू निर्वाचन क्षेत्र से आगे हैं।
नागालैंड की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर हुए चुनाव में तुएनसांग सदर-एक सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार पी. बशांगमोंगबा चांग ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को हराया। वहीं, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने अब तक दो और सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के उम्मीदवारों ने 14 सीट पर जीत दर्ज की है।
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के अनुसार, एनडीपीपी के उम्मीदवार एस. केओशू यिमचुंगेर ने शामटोर चेस्सोरे विधानसभा क्षेत्र में निकटतम लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार आर तोहनबा को 2,295 मतों से हरा दिया है। आयोग ने बताया कि चुनाव में सत्तारूढ़ NDPP-BJP गठबंधन अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दलों से आगे है।
दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट और अमेरिका में पढ़ाई के बाद वकील से सोशल एंटरप्रेन्योर बनीं हेखानी जखालू ने बीजेपी की सहयोगी NDPP के सिंबल पर चुनाव लड़ी थीं। उनका घोषणापत्र युवा विकास, महिला सशक्तिकरण, अल्पसंख्यक अधिकारों और एक मॉडल निर्वाचन क्षेत्र बनाने पर केंद्रित है। जाखलू को जेंडर इक्वलिटी को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता के लिए नारी शक्ति पुरस्कार मिल चुका है। उन्होंने यूथनेट की स्थापना की है, जो क्षेत्र में युवा लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित संगठन है।
कौन कितने सीटों पर है आगे?
मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे डाक मतपत्रों की गिनती के साथ शुरू हुई। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से मतों की गिनती शुरू हुई। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, 60 में से 55 सीटों के लिए उपलब्ध रूझानों के मुताबिक, एनडीपीपी 20 सीटों पर आगे है, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी बीजेपी 12 सीटों पर आगे है। एनडीपीपी और बीजेपी सीटों की साझेदारी के तहत क्रमश: 40 और 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।
आयोग की वेबसाइट के अनुसार, एनडीपीपी सुप्रीमो और नागालैंड के मुख्यमंत्री नीफियू रियो अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार एस. साचू से 6,000 वोट से आगे हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री एवं बीजेपी के उम्मीदवार वाई. पैटन वोखा में ट्यूई सीट पर 100 वोट से आगे हैं।
पांच सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार और पांच सीटों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के उम्मीदवार आगे हैं। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) को दो और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को तीन सीटों पर बढ़त हासिल हुई है। नागालैंड विधानसभा की 59 सीटों के लिए 27 फरवरी को मतदान हुआ था। अकुलुटो सीट पर बीजेपी उम्मीदवार काझेतो किनिमी ने निर्विरोध जीत हासिल की है।