महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों का क्यों नहीं हुआ ऐलान? CEC राजीव कुमार ने बताए ये दो कारण

Maharashtra Assembly Elections: मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने महाराष्ट्र चुनाव की तारीखों का ऐलान न करने के पीछे दो बड़े कारण बताए। जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में, तो हरियाणा में इस बार एक ही चरण में चुनाव होंगे और दोनों के नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे

अपडेटेड Aug 16, 2024 पर 8:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों का क्यों नहीं हुआ ऐलान?

चुनाव आयोग ने शुक्रवार को हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। उम्मीद जताई जा रही थी कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा भी आज ही की जा सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने महाराष्ट्र चुनाव की तारीखों का ऐलान न करने के पीछे दो बड़े कारण बताए। जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में, तो हरियाणा में इस बार एक ही चरण में चुनाव होंगे और दोनों के नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे।

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के बारे में पूछे जाने पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, पिछली बार महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव एक साथ हुए थे। उस समय जम्मू-कश्मीर कोई फैक्टर नहीं था, लेकिन इस बार इस साल 4 चुनाव हैं और इसके तुरंत बाद 5वां चुनाव है, जिसमें जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली शामिल हैं।


उन्होंने आगे कहा, "इसलिए सुरक्षा बलों की जरूरत के आधार पर हमने 2 चुनाव एक साथ कराने का फैसला किया है। दूसरा फैक्टर यह है कि महाराष्ट्र में भारी बारिश हुई और कई त्यौहार भी आने वाले हैं।"

उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा जरूरतों के कारण महाराष्ट्र चुनावों की घोषणा बाद में की जाएगी।

मौजूदा सरकार का 288 सदस्यों वाली महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल अक्टूबर 2024 में खत्म हो रहा है। महाराष्ट्र चुनाव में शिवसेना-UBT, NCP-शरद पवार और कांग्रेस के महा विकास अघाड़ी गठबंधन और बीजेपी, शिवसेना-एकनाथ शिंदे और एनसीपी-अजित पवार का महायुति गठबंधन के बीच दोतरफा लड़ाई होगी।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को होगा। CEC कुमार ने जम्मू-कश्मीर में चुनाव की मांग पर कहा कि वहां के लोगों ने "बुलेट के बजाय बैलेट पेपर को चुना।" इस साल अप्रैल और मई में हुए संसदीय चुनावों में, जम्मू-कश्मीर में 35 सालों में सबसे ज्यादा मतदान हुआ, जो 58.46 प्रतिशत तक पहुंच गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।