योगी आदित्यनाथ को गुरुवार को एक बार फिर सर्वसम्मति से भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक दल का नेता चुन लिया गया
उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद दोबारा सत्तासीन होने जा रही भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई सरकार का शपथ ग्रहण शुक्रवार की शाम चार बजे लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा और योगी आदित्यनाथ दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। योगी के अलावा कुल 52 मंत्री शपथ लेंगे। केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री होंगे, जबकि पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर
उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद दोबारा सत्तासीन होने जा रही भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई सरकार का शपथ ग्रहण शुक्रवार की शाम चार बजे लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा और योगी आदित्यनाथ दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। योगी के अलावा कुल 52 मंत्री शपथ लेंगे। केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री होंगे, जबकि पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा की छुट्टी हो गई है।
योगी आदित्यनाथ को गुरुवार को बतौर पर्यवेक्षक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सह पर्यवेक्षक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की मौजूदगी में एक बार फिर सर्वसम्मति से भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक दल का नेता चुन लिया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया है।
प्रदेश बीजेपी महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने पीटीआई को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत देश भर के गणमान्य मेहमानों के अलावा 70 हजार कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
समारोह में प्रदेश भर के सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रमुख नेताओं, लेखक, साहित्यकार, चिकित्सक,अभियंता और धार्मिक मठ-मंदिरों के साधु-संतों को भी आमंत्रित किया जाएगा। देश भर के प्रमुख साधु संतों को भी आमंत्रित किया गया है। बीजेपी सूत्रों ने बताया कि देश के कई प्रमुख उद्योगपति कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में समाप्त हुए 403 विधानसभा क्षेत्रों का चुनाव परिणाम 10 मार्च को घोषित हुआ जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने 255 और सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने 12 तथा निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) ने छह सीटों पर जीत हासिल की। पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद BJP लगातार दूसरी बार सरकार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।
उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की राजनीति में पहली बार किसी मुख्यमंत्री बने संन्यासी ने न सिर्फ अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया, बल्कि दोबारा गद्दी संभालने जा रहा है। 37 साल पहले 1985 में नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई और तिवारी ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
योगी आदित्यनाथ के खाते में 37 साल बाद यह रिकॉर्ड दर्ज होगा। योगी पिछले 37 सालों में अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद सत्ता में वापसी करने वाले पहले मुख्यमंत्री होंगे। योगी आदित्यनाथ आज करीब चार दर्जन मंत्रियों के साथ दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे। योगी के साथ दो उप मुख्यमंत्री भी शपथ ले सकते हैं।